आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भोपाल में कहा है कि कांग्रेस की गारंटी, कांग्रेस की तरह झूठी है। ED हाथ में आ गई तो कांग्रेस सिर्फ अपने मुकदमे खत्म करेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निधाना साधा। कहा कि कौन सी ऐसी मजबूरी थी कि छत्तीसगढ़ की सरकार कार्रवाई नहीं कर सकती थी? केवल पैसे वसूलने के लिए कार्रवाई की। ये वसूली सरकार है, भू-पे करो और महादेव ऐप चलाओ। 508 करोड़ रुपए भू-पे किए और महादेव ऐप चलती रही और यह कांग्रेस का भ्रष्टाचार का सिस्टम है।

सागर में भाजपा प्रत्याशी जैन पर गिफ्ट बंटवाने का आरोप, केस दर्ज

सागर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी व विधायक शैलेंद्र जैन पर साहू समाज की धर्मशाला में लोगों को गिफ्ट के रूप में बर्तन बंटवाने का आरोप है। उनके खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है। जैन पर आरोप है कि उन्होंने बगैर अनुमति के आयोजित हुए कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों को गिफ्ट बांटे हैं।

सागर के रिटर्निंग अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर करीब 3000 लोगों को बर्तन बांटने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार साहू समाज धर्मशाला में शिकायत मिली थी कि भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र जैन की उपस्थिति में गिफ्ट पैकेट में बर्तनों का वितरण किया जा रहा है।

आज इन नेताओं की सभाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी – दोपहर 1.15 बजे, सीधी खुर्द बाइपास रोड (सीधी) में सभा।

मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस अध्यक्ष – दोपहर 2.30 बजे ग्वालियर, शाम 5.15 बजे भोपाल में सभा।

जेपी नड्‌डा, बीजेपी अध्यक्ष – सुबह 11.30 बजे बड़वाह, दोपहर 1.50 बजे महेश्वर के कतरगांव, दोपहर 3.35 बजे मंडलेश्वर में सभा।

योगी आदित्यनाथ, सीएम, यूपी – दोपहर 12.00 बजे शुजालपुर, दोपहर 12.45 बजे कालापीपल के पोलायकला, दोपहर 1.40 बजे देवास के खातेगांव में सभा।

मायावती, बसपा सुप्रीमो – सुबह 11 बजे दमोह जिले के पथरिया में सभा।

नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री – सुबह 11.30 बजे साईखेड़ा, दोपहर 1 बजे प्रभात पट्टन, दोपहर 2.30 बजे मुलताई, शाम 4 बजे आमला के खेड़ली बाजार और शाम 5 बजे आमला में सभा।

शिवराज सिंह चौहान, सीएम, मप्र – दोपहर 12 बजे छिंदवाड़ा के हरई में सभा, सागर में शाम 5 बजे रोड शो, रायसेन के सिलवानी के बेगमगंज में सभा।

ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री – शिवपुरी, गुना के मधुसूदनगढ़ और आरोन में करेंगे प्रचार।

भूपेंद्र पटेल, सीएम, गुजरात – दोपहर 12 बजे रतलाम के धामनोद, दोपहर 2.30 बजे मंदसौर के मल्हारगढ़ के नारायणगढ़ में सभा, दोपहर 3 बजे नीमच की जावद विधानसभा के डिकेन में सभा।