ITDC India e-Press / Agencies

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि किसी क्षेत्र में यदि क्रांति होती है तो उस क्षेत्र का तीव्र गति से विकास होता है औद्योगिक क्रांति, हरित क्रांति इसके उदाहरण है इस ही तरह और पर्यटन क्रांति आ जाये तो उस क्षेत्र का विकास तीव्र गति से होगा, पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ सर्वाधिक रोज़गार के अवसर सृजित होते हैं और बेरोज़गारी तथा गरीबी वहाँ ढूँढ़ने से भी नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अधोसंरचना विकास, पारंपरिक संस्कृति का संरक्षण एवं प्रोत्साहन और पर्यटन क्षेत्र में निजी सहभागिता को बढ़ावा देकर सुनियोजित एवं एकीकृत प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से आज मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में असीम क्षमता और निवेश का आकर्षक क्षेत्र बन गया है। यह बात उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ट्रेवल एवं टूरिज्म के क्षेत्र में पिछले दो दशकों से सक्रिय ट्रेवल इंडिया टूरिज्म प्राइवेट लिमिटेड के भोपाल स्थित नवीन कार्यालय का शुभारंभ के अवसर पर कही।


श्री शुक्ल ने कहा कि अधोसंरचना विकास एयर कनेक्टिविटी अन्य आवश्यक प्रोत्साहनों के साथ ब्रांडिंग के लिए भी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश की समृद्ध पर्यटन धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने सतत जागरूकता गतिविधियाँ की जा रही हैं। प्रदेश में पर्यटन के सांस्कृतिक, एडवेंचर, लेजर, धार्मिक, आध्यात्मिक, हेल्थ एंड वेलनेस, ग्रामीण, फ़िल्म आदि क्षेत्रों में आकर्षक वातावरण का निर्माण किया जा रहा है। पर्यटक मध्यप्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, धरोहर स्थल, संस्कृति और सुविधाओं के प्रति जागरूक होंगे तब पर्यटन क्षेत्र में विकास को तेजी मिलेगी। पर्यटन क्षेत्र की उपलब्ध संभावनाओं पर सशक्त प्रयास से देश ही नहीं, विदेशों से भी अधिकाधिक सैलानियों को आकर्षित करने में हम सफल होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नवीन संस्थान के शुभारंभ पर ट्रेवल इंडिया टूरिज्म प्रा. लि. के प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ दीं।


प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र में भी शासन विभिन्न मॉडल्स पर कार्य कर रही है। अधोसंरचना विकास के लिए सब्सिडी एवं निवेश प्रोत्साहन की नीतियाँ लागू की गई हैं। भारत का हृदय स्थल मध्यप्रदेश पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। इसे शासन, प्रशासन, निवेशकों, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नई ऊँचाइयों पर ले जाया जाएगा। ट्रेवल इंडिया टूरिज्म प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक श्री महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कंपनी की 20वीं वर्षगांठ में पल्लवी नगर में नवीन कार्यालय की स्थापना की गई है, जिससे पर्यटकों को और अधिक बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि नवीन कार्यालय के माध्यम से कंपनी आधुनिक टेक्नोलॉजी, कस्टमर-फ्रेंडली सेवाओं और नई योजनाओं के साथ एक नई शुरुआत कर रही है।
इस अवसर पर उपसचिव संस्कृति राजेश गुप्ता, इंडियन एसोसिएशन ऑफ़ टूर ऑपरेटर्स के नेशनल प्रेसिडेंट रवि गोसाईं, पूर्व विधायक पी.सी.शर्मा,पूर्व विधायक ए के त्रिपाठी, वर्ल्ड फेडोरेशन ऑफ़ रोज सोसायटी के चेयरमैन सुशील प्रकाश सहित पर्यटन, ट्रेवल एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े विशिष्टजन, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

#पर्यटन_विकास #मध्यप्रदेश_पर्यटन #राजेन्द्र_शुक्ल #निवेश_मध्यप्रदेश #पर्यटन_संभावनाएँ #ट्रेवल_इंडिया #भोपाल_कार्यालय #पर्यटन_क्रांति