लाहौर । भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कुछ समय के अंदर ही विश्व क्रिकेट में अपनी अलग जगह बनाने में सफल रहे हैं। अब पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने ऋषभ की जमकर तारीफ की है। शोएब के अनुसार ऋषभ एक निडर क्रिकेटर हैं जो कहीं शॉट लगाने में सक्षम हैं पर उन्हें और बेहतर होने के लिए अपनी फिटनेस पर ध्यान देते हुए वजन कम करना होगा।
अख्तर ने कहा, ऋषभ के पास कट शॉट, पुल शॉट, रिवर्स स्वीप, स्लॉग स्वीप और पैडल स्वीप जैस शॉट हैं। उसने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में मैच विजेता पारियां खेली हैं। इस दौर भारत को अपने बल पर सीरीज भी जितायी है।’ साथ ही कहा कि उन्हें अपना वजन कम करने के बारे में सोचना होगा क्योंकि वह अपने खेल से एक आदर्श क्रिकेटर बन सकते हैं।
अख्तर ने कहा कि इस युवा बल्लेबाज का वजन थोड़ा अधिक है। मुझे उम्मीद है कि वह आने वाले समय में इसका ध्यान रखेगा, क्योंकि भारतीय बाजार बहुत बड़ा है। उन्होंने कहा कि वह अच्छा दिखता है। वह एक मॉडल बन सकता है और करोड़ों कमा सकता है क्योंकि जब भी कोई व्यक्ति भारत में सुपरस्टार बनता है, तो उस पर बहुत बड़ा निवेश किया जाता है।
पाक गेंदबाज ने कहा कि ऋषभ के पास आक्रमण की जो क्षमता है वह वह विरोधी टीम को परेशानी में डाल देती है। इंग्लैंड के खिलाफ उसने हालात के हिसाब से पारी को आगे बढ़ाया और फिर आक्रामक रुख अपना लिया। वह अपने अनुसार जब भी चाहे पारी को तेजी से आगे ले जाने में सक्षम है और यही उसकी ताकत है।