सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट को 6.00% से घटाकर 5.50% करने के बाद हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों ने होम लोन की ब्याज दरों में कटौती शुरू कर दी है। एलआईसी  हाउसिंग फाइनेंस ने ब्याज दरों में 0.50% की कटौती की है, जिससे अब होम लोन की दरें 7.50% सालाना से शुरू होंगी। इससे पहले एसबीआई, यूनियन बैंक और पंजाब नेशनल बैंक भी लोन दरों में कटौती कर चुके हैं।

यह कटौती विशेष रूप से उन ग्राहकों के लिए लाभकारी होगी जिनके लोन रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट से जुड़े हैं। नए लोन लेने वालों को भी अब कम ब्याज दर पर होम लोन मिल सकेगा। वहीं, पहले से RLLR आधारित फ्लोटिंग रेट लोन रखने वाले ग्राहकों की ईएमआई या लोन अवधि कम हो सकती है।

रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट दरें रेपो रेट में बदलाव के अनुसार घटती-बढ़ती हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि रेपो रेट 5.50% है और बैंक 2.65% मार्जिन जोड़ता है, तो रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट 8.15% होगा। इस पर ग्राहक की क्रेडिट प्रोफाइल के अनुसार प्रीमियम जोड़ा जाता है।

पुराने फिक्स्ड रेट या MCLR आधारित लोन ग्राहक भी फीस देकर रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट  में स्विच कर सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर आपका लोन शुरुआती चरण में है, तो यह स्विच फायदेमंद हो सकता है।

लोन लेने से पहले प्री-पेमेंट पेनल्टी, सिबिल स्कोर और बैंक ऑफर्स की जानकारी अवश्य लें, ताकि आपको दीर्घकालिक लाभ मिल सके।

#एलआईसीहोमलोन #होमलोनब्याजदर #लोनकटौती #एलआईसीहाउसिंगफाइनेंस #सस्तालोन