लाहौर। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने राशिद लतीफ ने कहा है कि अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली का विरोधियों को भड़काना उनके लिए अच्छा संकेत है। लतीफ को उम्मीद है कि विराट एक बार फिर फॉर्म में वापसी करते हुए जमकर रन बनाएंगे और शतक लगाएंगे।
वह पिछले दो साल से ज्यादा समय से शतक नहीं लगा पाये हैं पर हम चाहते हैं कि वह वापसी करे क्योंकि विश्व क्रिकेट को उनके जैसे अच्छे क्रिकेटर की जरूरत है। हाल में उनके खेलने के तरीके से लय में वापसी की उम्मीद भी बनी है। हमने एजबेस्टन में देखा कि वह मैदान पर बहुत से खिलाड़ी से उलझ रहे थे जो एक सकारात्मक संकेत है।
वह जब भी भड़कते हैं तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि वह अपने साथी खिलाड़ियों और गेंदबाजों का समर्थन करता है। अगर मैं 2011-2012 की बात करूं, तो उनका औसत वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, श्रीलंका के खिलाफ कहीं बेहतर था।
हर खिलाड़ी इस प्रकार के दौर से जरूर गुजरता है। जब विराट खेल को अलविदा कहेंगे उनका नाम सचिन तेंदुलकर, सर विव रिचर्ड्स, शायद डॉन ब्रैडमैन, जो रूट और जैक कैलिस जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ लिया जाएगा।