आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ब्रिटेन में ऋषि सुनक सरकार की सख्ती के बाद अब भारत विरोधी खालिस्तानियों ने स्कॉटलैंड को नया अड्डा बना लिया है। स्कॉटलैंड में खालिस्तानी आतंकियों को खुलेआम महिमामंडित किया जा रहा है। इस सब के बीच पाकिस्तानी मूल के स्कॉटलैंड के PM (फर्स्ट मिनिस्टर) हमजा यूसुफ इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
खालिस्तानी गतिविधियों पर नजर रखने वाली वेबसाइट खालिस्तान एक्सट्रीमिज्म मॉनिटर (केईएम) के अनुसार, स्कॉटलैंड में खालिस्तान के नाम पर की जा रही फंडिंग पर हमजा सरकार कोई रोक नहीं लगा रही है। भारत में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) स्कॉटलैंड में फंड जुटाने में लगा है।
उच्चायुक्त से धक्का-मुक्की , पुलिस का केस से इनकार
एसएफजे 2024 में स्कॉटलैंड में जनमत संग्रह आयोजित करना चाहता है। SFJ ने करीब 20 करोड़ रुपए जुटा भी लिए हैं। जबकि स्कॉटलैंड में प्रतिबंधित संगठनों की ओर से क्राउड फंडिंग करने पर प्रतिबंध है।
पिछले दिनों खालिस्तानियों ने भारतीय उच्चायुक्त दोराईस्वामी को गुरुद्वारे में जाने से रोका था, वहीं खालिस्तानी अब सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सफलता का दावा कर रहे हैं। वहीं, स्कॉटलैंड पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कर चुकी है। पुलिस इस संबंध में मामला दर्ज नहीं करेगी।
हमजा का रवैया हमेशा से ही भारतीयों के प्रति खराब रहा’
स्कॉटलैंड में प्रमुख भारतीय नेता नील लाल के अनुसार, हमजा की साख हमेशा संदिग्ध रही है। लाल का कहना है कि भारतीय समुदाय हमजा सरकार में सुरक्षित महसूस नहीं करता। हमजा पूर्व में भी हिंदू-मुस्लिमों में नस्लीय तनाव पैदा करने की कोशिश कर चुके हैं।
स्कॉटलैंड के PM हमजा की लोकप्रियता में कमी आ रही है। ताजा सर्वे के मुताबिक मार्च में पद संभालने के बाद हमजा की लोकप्रियता में 11% की गिरावट आई है। 55% स्कॉटिश लोग बतौर PM हमजा की कार्यशैली से खुश नहीं हैं।
ब्रिटिश PM ऋषि बोले-आतंकी जोहल की गिरफ्तारी सही
खालिस्तानी आतंकी जगवार सिंह जोहल के खिलाफ की गई भारत सरकार की कार्रवाई को UK ने सही बताया है। स्कॉटलैंड निवासी जोहल को 2017 में पंजाब में एक हिंदू नेता की हत्या में दोषियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
उसके परिवार ने सुनक सरकार से रिहाई के संबंध में भारत सरकार से बात करने की अपील की है, लेकिन PM ऋषि सुनक ने मना किया।