सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित होने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आज प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सीएम डॉ मोहन यादव के साथ खजुराहो के प्राचीन मतंगेश्वर महादेव के दर्शन कर चुनाव प्रचार अभियान शुरु करेंगे।
बागेश्वर धाम जाएंगे सीएम और वीडी शर्मा
सीएम डॉ मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा दोपहर 2.45 बजे खजुराहो में मंतगेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सीएम और वीडी शर्मा दोपहर 3.45 बजे बागेश्वर धाम (गढ़ा) में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। बागेश्वर धाम से फिर सीएम खजुराहो पहुंचकर भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
संसदीय क्षेत्र में ही रात रुकेंगे वीडी शर्मा
खजुराहो से सीएम के भोपाल रवाना होने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शाम 5.30 बजे पन्ना में लवकुश वाटिका में विधानसभा पन्ना और गुनौर के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष 06.30 बजे पन्ना के जुगल किशोर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर परिसर में ही वीडी शर्मा जुगल किशोर मंदिर में सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य का लोकार्पण भी करेंगे। इसके अलावा शर्मा महाशिवरात्रि के पर्व पर शिव-सत्य की कला अभिव्यक्तियां कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वीडी शर्मा रात्रि विश्राम सर्किट हाउस पन्ना में करेंगे।
पार्टी के संकल्प पत्र में होगी मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने संकल्प पत्र के लिए ऑनलाइन, ऑफलाइन, नमो एप तथा संगठन एप के माध्यम से लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य लोगों की एक टीम इसके लिए काम कर रही है। इस टीम ने यह तय किया है कि आने वाली तिथियों में मंडल स्तर और इससे नीचे के स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता सुझाव पेटियां लेकर घर-घर जाएंगे। मध्यप्रदेश के प्रत्येक वर्ग के लोग, समाज के ऐसे लोग जो अपनी एक सोच रखते हैं इन सुझावों के माध्यम से यह बताएंगे कि पार्टी का संकल्प पत्र कैसा हो और आजादी के इस अमृतकाल में वर्ष 2047 तक भारतीय जनता पार्टी का एजेंडा क्या हो? इन सुझावों को पार्टी के संकल्प पत्र में शामिल किया जाएगा और इस हिसाब से पार्टी के संकल्प पत्र को बनाने में मध्यप्रदेश की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
15 मार्च तक चलेगा सहकारिता प्रकोष्ठ का संपर्क अभियान
सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मदन लाल राठौर बताया 28 फरवरी से 15 मार्च तक सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारी गांव-गांव, नगर के कस्बों में घर-घर संपर्क कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 10 वर्ष में विकास, सुशासन, करीब कल्याण और जनहितैषी कार्यों को बताया जा रहा है।