आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। दोपहर में वे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में सभा करेंगे। इसके बाद शाम को भोपाल के मध्य विधानसभा क्षेत्र के 12 नंबर मल्टी ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार ग्वालियर आ रहे हैं। खड़गे दोपहर 2 बजे दिल्ली से विशेष विमान से यहां पहुंचेंगे। यहां 6 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में ग्वालियर पूर्व के थाटीपुर दशहरा मैदान में जनसभा करेंगे। सभा में कांग्रेस के सभी प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी यहां आ सकते हैं।
माना जा रहा है कि गृहमंत्री अमित शाह के जवाब में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा कराई जा रही है। जनसभा के दौरान एक घंटे तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
यह रहेगा कार्यक्रम
दोपहर 1 बजे वह दिल्ली से विशेष विमान से ग्वालियर के लिए निकलेंगे।
दोपहर 2 बजे वह ग्वालियर आएंगे। 2.20 बजे सभा स्थल दशहरा मैदान थाटीपुर आएंगे।
दोपहर 3.30 बजे तक सभा चलेगी।
इसके बाद ग्वालियर विधानसभा में जाएंगे। यहां कुछ लोगों से मुलाकात करेंगे।
शाम 4.50 बजे वह विशेष विमान से भोपाल रवाना होंगे।