आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केरल के कन्नूर जिले में RSS कार्यकर्ता शाजी श्रीधरन के घर पर बम से हमला किया गया। इससे घर के सामने खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हमलावरों के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
SC ने रामसेतु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग वाली याचिका खारिज की
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को रामसेतु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का निर्देश देने की मांग वाली याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। राम सेतु, जिसे एडम ब्रिज के नाम से भी जाना जाता है, कहा जाता है यह तमिलनाडु के दक्षिण-पूर्वी तट पर पंबन द्वीप और श्रीलंका के उत्तर-पश्चिमी तट पर मन्नार द्वीप के बीच स्थित है। याचिका में साइट पर एक दीवार के निर्माण के लिए निर्देश देने की भी मांग की गई थी। यह याचिका हिंदू पर्सनल लॉ बोर्ड ने अपने अध्यक्ष अशोक पांडे के माध्यम से दायर की थी।
बिहार में जाति जनगणना का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, 6 अक्टूबर को सुनवाई; कल नीतीश सरकार ने जारी किए थे आंकड़े
बिहार सरकार ने सोमवार को जातीय गणना के आंकड़े जारी कर दिए हैं। इसको लेकर 6 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। याचिकाकर्ता के वकील ने सुप्रीम कोर्ट के सामने कहा कि बिहार सरकार ने जाति सर्वेक्षण डेटा प्रकाशित कर दिया है। इसके साथ ही बिहार जातीय गणना के आंकड़े जारी करने वाला पहला राज्य बन गया है। इसमें अत्यंत पिछड़ा वर्ग 36%, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) 27% हैं। सबसे ज्यादा 14.26% यादव हैं। ब्राह्मण 3.65%, राजपूत (ठाकुर) 3.45% हैं। सबसे कम संख्या 0.60% कायस्थों की है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, तीन जवान घायल
जम्मू-कश्मीर में राजौरी के कालाकोट के टाटापानी इलाके में सोमवार शाम से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। जिसमें 9 पैरा कमांडो यूनिट के तीन जवानों को चोटें आई हैं। सुरक्षाबलों को राजौरी के जंगलों में कुछ आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी, इसके बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया। इससे पहले दोपहर में गोलीबारी होने की जानकारी मिली थी। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
न्यूज वेबसाइट से जुड़े ठिकानों पर रेड, पत्रकार का आरोप- दिल्ली पुलिस ने फोन-लैपटॉप जब्त किए
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक वेबसाइट न्यूजक्लिक से जुड़े कई ठिकानों पर मंगलवार की सुबह रेड की है। बताया जा रहा है कि दिल्ली-NCR में न्यूज वेबसाइट के पत्रकारों और कर्मचारियों के घरों पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्पेशल सेल की टीम दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में 30 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ तलाशी ले रही है। रेड के दौरान कई लैपटॉप और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। न्यूजक्लिक के पत्रकार अभिसार शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि पुलिस ने उनके फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए हैं।