आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल ट्रैफिक पुलिस की ओर से केंद्रीय विद्यालय के पास मेट्रो निर्माण के लिए जारी किया गया ट्रैफिक डायवर्सन प्लान गलत निकला। इस पर मेट्रो रेल कंपनी ने आपत्ति दर्ज करवाते हुए सोशल मीडिया पर अपना स्पष्टीकरण अपलोड कर दिया है। मेट्रो कंपनी ने स्पष्ट किया है कि हमने तो केंद्रीय विद्यालय, डीबी सिटी मॉल और सुभाष नगर में ट्रैफिक डायवर्सन प्लान बनाने के लिए पुलिस से कहा ही नहीं था।

केंद्रीय विद्यालय के पास मेट्रो का काम सीमित अवधि में रात 9 बजे से सुबह 7 बजे के बीच किया जा रहा है। डीबी सिटी मॉल के पास भी निर्माण कार्य रात के वक्त में ही किया जा रहा है। इसलिए इन दोनों स्थानों पर दिन के वक्त ट्रैफिक डायवर्सन की जरूरत ही नहीं है। सुभाष नगर में मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। बचा हुआ काम परिसर के भीतर किया जा रहा है। इसलिए यहां भी ट्रैफिक डायवर्सन की जरूरत नहीं है। हबीबगंज नाका के पास और एम्स के पास चल रहे निर्माण के कारण डायवर्सन प्लान पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

इधर, डीसीपी ट्रैफिक पद्मविलोचन शुक्ला का कहना है कि पुलिस मेट्रो कंपनी की ओर से कोई पत्र आए बगैर कभी कोई डायवर्सन प्लान नहीं बनाती है। मेट्रो कंपनी ने केंद्रीय विद्यालय के पास ट्रैफिक डायवर्सन प्लान बनाकर व्यवस्था लगाने के लिए पत्र भेजा था। इसलिए वहां डायवर्सन प्लान बनाया गया। बुधवार को मेट्रो कंपनी के अफसरों ने फोन कर इसे हटाने के लिए कहा, इसलिए इसे हटा दिया गया है।