सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। AAP कार्यकर्ता पीएम आवास का घेराव करने निकले थे। पुलिस ने पीएम आवास के आसपास धारा 144 लागू की है।
इधर, भाजपा कार्यकर्ता केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली सचिवालय की तरफ जा रहे कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकैडिंग तोड़ दी। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डिटेन कर लिया।
शराब नीति घोटाला मामले में केजरीवाल को 21 मार्च को उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। वे 28 मार्च तक ED की हिरासत में हैं। केजरीवाल ED कस्टडी से सरकार चला रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने दूसरा सरकारी आदेश जारी किया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय को निर्देश दिए कि मोहल्ला क्लिनिक में गरीबों के लिए दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। लोगों को मुफ्त जांच और दवाई मुहैया कराई जाए।
केजरीवाल ने 24 मार्च को जल मंत्रालय के नाम पहला सरकारी आदेश जारी किया था। उन्होंने जल मंत्री आतिशी को निर्देश दिया था कि दिल्ली में जहां पानी की कमी है, वहां टैंकरों का इंतजाम करें। उन्होंने कोर्ट में पेशी के समय कहा था कि वे इस्तीफा नहीं देंगे, जरूरत पड़ी तो जेल से सरकार चलाएंगे।
ED बोली- केजरीवाल के पास कोई डिवाइस नहीं, फिर ऑर्डर कैसे पास किया
ED कस्टडी से केजरीवाल सरकारी आदेश कैसे दे रहे हैं, इसे लेकर ED जांच कर रही है। ED सूत्रों का कहना है कि उनके पास न ही कोई पेपर मिला और न ही कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे कंप्यूटर या फोन, तो फिर उन्होंने कैसे कोई ऑर्डर पास कर दिया? ये जांच का विषय है। ED के सीनियर अफसरों की टीम जल्द ही रिपोर्ट तैयार करेगी।
ED इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या मुख्यमंत्री के सहयोगियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन फॉर्मेट किए गए थे या पॉलिसी खत्म होने के तुरंत बाद गायब कर दिए गए थे। मतलब उनके फोन कब और क्यों फॉर्मेट किए गए, इसकी भी जांच हो रही है।
सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट विनीत जिंदल का कहना है कि अरविंद केजरीवाल अभी ज्यूडिशल कस्टडी में नहीं, बल्कि इन्वेस्टिगेशन के लिए वो ED रिमांड में हैं। ऐसे में अगर उन्होंने किसी तरह का ऑर्डर पास किया है तो वो कानूनन गलत है, इसे लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन
पुलिस की हिरासत में लिए जाने से पहले भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव ने कहा कि हम केजरीवाल का इस्तीफा लेकर रहेंगे। आज जिस कार्यकर्ता ने पुलिस की बैरिकैडिंग नहीं तोड़ी, वो ये समझ ले कि यज्ञ में उसने आहूति नहीं दी।