सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) चंडीगढ़ मेयर चुनाव में गड़बड़ी के आरोप में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसमें सीएम केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी शामिल हुए हैं। सभी भाजपा हेडक्वार्टर का घेराव करेंगे। प्रदर्शन से पहले केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

केजरीवाल ने कहा- चंडीगढ़ में हमारी पार्टी का मेयर बने या उनके (BJP) पार्टी का, हमें फर्क नहीं पड़ता। पार्टियां आती-जाती रहती हैं, लेकिन देश के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। भाजपा ने चुनाव के साथ खिलवाड़ करना शुरू कर दिया है।

अगर भाजपा चंडीगढ़ मेयर जैसे छोटे चुनाव में इतनी बड़ी गड़बड़ी कर सकती है, तो लोकसभा चुनाव में पता नहीं क्या करेंगे। ये सत्ता के लिए देश को भी बेच सकते हैं। चंडीगढ़ का चुनाव दिखाता है कि इनके (BJP) पाप का घड़ा भर गया था। जब पाप का घड़ा भर जाता है तो प्रकृति अपनी झाड़ू चलाती है।

दरअसल, 30 जनवरी को हुए चंडीगढ़ मेयर चुनाव में BJP को जीत मिली थी। AAP का आरोप है कि भाजपा ने फ्रॉड करके जीत दर्ज की। चुनाव अधिकारी ने जानबूझकर उनके (AAP) वोट इनवैलिड कर दिए। इसको लेकर AAP ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की है।

चुनाव में गड़बड़ी को लेकर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में भाजपा ऑफिस के पास प्रदर्शन करने पहुंचे हैं। दूसरी तरफ भाजपा भी AAP के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इस बीच सुबह से AAP और भाजपा दफ्तर सहित पूरे दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात हैं।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी, भाजपा और ED के ऑफिस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दिल्ली में भारी सुरक्षाबलों की तैनाती के बाद दीन दयाल उपाध्याय रोड पर ट्रैफिक जाम हो गया।

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे हैं ।

AAP कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोकने का आरोप केजरीवाल और AAP नेताओं ने पुलिस पर प्रदर्शनकारियों को दिल्ली आने से रोके जाने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- दिल्ली में AAP के विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा हैं जो पार्टी कार्यालय आ रहे थे। ये क्या हो रहा है?

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने अपने पोस्ट में लिखा- कोंडली विधायक कुलदीप कुमार के ऑफिस के बाहर पुलिस की गाड़ी खड़ी है, ताकि उन्हें विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोका जा सके। क्या अब शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में भाग लेना अपराध है?