सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना ने गुरुवार को स्पेशल कोर्ट में यौन उत्पीड़न मामले में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई आज होगी। इस मामले में उनके बेटे प्रज्वल रेवन्ना भी आरोपी हैं।
28 अप्रैल को पुरानी हाउसमेड की शिकायत के बाद हासन के होलेनरासीपुर थाने में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था। इस शिकायत के बाद प्रज्वल के करीब 200 से ज्यादा वीडियो सामने आए।
यह दावा किया गया है कि वायरल वीडियो में दिख रहीं महिलाएं खुद को छोड़ने की गुहार लगाती हुई रो रही हैं और प्रज्वल वीडियो शूट कर रहे हैं।
इधर, मामले की जांच कर रही SIT ने गुरुवार को ही प्रज्वल के खिलाफ एक और FIR दर्ज की है। FIR में सिर्फ प्रज्वल रेवन्ना को ही आरोपी बनाया गया है।
प्रज्वल रेवन्ना को लुकआउट नोटिस जारी
कर्नाटक सेक्स स्कैंडल मामले में हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ विशेष जांच दल (SIT) ने गुरूवार को लुकआउट नोटिस जारी किया। यह नोटिस प्रज्वल की उस अपील के बाद आया है, जिसमें उन्होंने SIT के सामने हाजिर होने के लिए समय मांगा था।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि 7 दिन का समय देने का प्रावधान ही नहीं है, अगर वे 24 घंटे में पूछताछ के लिए हाजिर नहीं होते हैं तो उनकी गिरफ्तारी भी संभव है।
प्रज्वल ने बुधवार 1 मई को X पर एक पोस्ट में लिखा था- मैं जांच में शामिल होने के लिए बेंगलुरु में नहीं हूं, इसलिए मैंने अपने वकील के जरिए CID बेंगलुरु को बता दिया है। सच्चाई जल्द ही सामने आएगी।
कर्नाटक के CM ने PM मोदी को लेटर-प्रज्वल को भारत लाने में मदद करें
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कर्नाटक सेक्स स्कैंडल मामले में बुधवार 1 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखा। उन्होंने कहा कि प्रज्वल रेवन्ना पर जो गंभीर आरोप लगे हैं, उनके बारे में आपको पता ही होगा। उन पर जो भी आरोप लगे हैं, वे शर्मनाक और देश को दहला देने वाले हैं। केंद्र सरकार फरार सांसद को वापस लाने के लिए जल्द से जल्द कदम उठाए।
CM ने आगे लिखा कि सांसद और NDA उम्मीदवार प्रज्वल 27 अप्रैल को देश छोड़कर विदेश भागे। ऐसा पता चला है कि वे डिप्लोमैटिक पासपोर्ट के जरिए यात्रा कर रहे हैं। केंद्रीय विदेश मंत्रालय और केंद्रीय गृह मंत्रालय को प्रज्वल रेवन्ना का डिप्लोमैटिक पासपोर्ट रद्द करने के निर्देश दें।
सिद्धारमैया ने लेटर में यह भी कहा कि फिलहाल मामले की जांच SIT मामले की जांच कर रही है। उन्हें देश में वापस लाना बहुत जरूरी है, ताकि वे कानून के हिसाब से जांच का सामना करें।
आरोपों के बीच प्रज्वल ने पहली बार पोस्ट किया
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने 30 अप्रैल को नोटिस जारी किया। जिसमें एचडी रेवन्ना और प्रज्वल को जांच के लिए SIT के सामने पेश होने कहा गया। नोटिस जारी होने के बाद प्रज्वल रेवन्ना ने सोशल मीडिया पर लिखा- मैं पूछताछ में शामिल होने के लिए बेंगलुरु में नहीं हूं, इसलिए मैंने अपने वकील के माध्यम से CID बेंगलुरु को सूचित कर दिया है। सच्चाई जल्द ही सामने आएगी।
SIT जांच तक प्रज्वल पार्टी से सस्पेंड
पूर्व मुख्यमंत्री और प्रज्वल के चाचा एचडी कुमारस्वामी ने मंगलवार को जनता दल (सेक्युलर) कोर कमेटी की बेंगलुरु में मीटिंग की। इसमें प्रज्वल रेवन्ना को पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया। प्रज्वल हासन से पार्टी के मौजूदा सांसद और लोकसभा के कैंडिडेट भी हैं। हासन में 26 अप्रैल को सेकेंड फेज में वोटिंग हुई थी। इसके बाद प्रज्वल जर्मनी चले गए।
कुमारस्वामी ने कहा- प्रज्वल का सस्पेंशन SIT जांच पूरी होने तक है। मैंने गलत करने वाले का कभी बचाव नहीं किया, लेकिन इस विवाद में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का नाम लेना गलत है। कांग्रेस हमारे परिवार में फूट डालने की कोशिश कर रही है।