आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश में हजारों कर्मचारी प्रतिदिन अप-डाउन करते हैं। ऐसे में उस जिले की मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है, जहां वे नौकरी करते हैं। ये कर्मचारी इस बार मतदान से वंचित रह जाएंगे। इस संबंध में मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के सचिव उमाशंकर तिवारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को ई-मेल से पत्र भेजकर इन कर्मचारियों का मतदान कराने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।

तिवारी ने लिखा है कि कर्मचारियों को गृह जिले में मतदान करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था, जो शुक्रवार को पूरा हो गया। मतदान को लेकर प्रशिक्षण और त्योहारी सीजन के चलते कई कर्मचारी अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर पाए हैं। ऐसे में शेष कर्मचारियों को एक मौका और दिया जाना चाहिए। भले ही वह मतदान की तारीख (17 नवंबर) के बाद हो। वे कहते हैं कि ऐसे ही हाल ही में ट्रांसफर होकर गए कर्मचारी भी मतदान से वंचित रह सकते हैं। क्योंकि उनका नाम उस जिले की मतदाता सूची में है, जिससे उनका तबादला हो गया और नए जिले में वे चुनाव ड्यूटी कर रहे हैं।