सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: सोशल मीडिया ऐप फेसबुक और इंस्टाग्राम 15 मई को दुनियाभर में कई यूजर्स के लिए डाउन हो गए हैं। डाउन डिटेक्टर पर सैकड़ों यूजर्स ने इन ऐप्स से जुड़ी समस्याओं को रिपोर्ट किया। यूजर्स को अपनी फीड रिफ्रेश करने में परेशानी आ रही है।

फेसबुक और इंस्टाग्राम ने अभी तक आउटेज से जुड़ा कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ये आउटेज किस कारण से हुआ है इसके कारण भी अभी साफ नहीं है। इसे ठीक होने में कितना समय लगेगा इसकी भी कोई जानकारी नहीं है।

07.30 बजे सबसे ज्यादा यूजर्स ने परेशानी रिपोर्ट की

आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के डेटा से पता चला है कि सुबह करीब 4 बजे से यूजर्स ने आउटेज को रिपोर्ट करना शुरू किया था। सुबह 07.30 बजे सबसे ज्यादा यूजर्स ने परेशानी रिपोर्ट की। हालांकि, इसके बाद आउटेज रिपोर्ट कम हो गई।

5 मार्च की रात भी इंस्टाग्राम-फेसबुक डाउन हो गए थे

इससे पहले 5 मार्च की रात मेटा कंपनी के दोनों प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स को लॉगिन और फीड रिफ्रेश करने में दिक्कत आई थी। फेसबुक पर यूजर्स के अकाउंट ऑटोमैटिक लॉगआउट हो गए थे, जबकि इंस्टाग्राम पर यूजर्स नई फीड्स को रीफ्रेश नहीं कर पा रहे थे।

2 साल पहले 6 घंटे बंद रहे थे फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप

4 अक्टूबर 2021 को फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप प्लेटफॉर्म करीब 6 घंटे तक पूरी दुनिया में बंद रहे थे। जिसके चलते अरबों यूजर्स को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यह समस्या रात करीब 9.15 बजे सामने आई थी। इस आउटेज का असर अमेरिकी बाजार में फेसबुक के शेयरों पर भी दिखा था। कंपनी के शेयर 6% तक गिर गए थे।

5 साल पहले साढ़े 9 घंटे डाउन रहे थे

3 जुलाई 2019 को रात आठ बजे भारत, अमेरिका समेत कई देशों में फेसबुक, वॉट्सएप और इंस्टाग्राम डाउन रहे। करीब साढ़े 9 घंटे डाउन रहने के बाद 4 जुलाई 2019 को इन्हें ठीक कर लिया गया है।