सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: बॉम्बे हाई कोर्ट ने सोमवार को जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दो महीने की अंतरिम जमानत दे दी है। रिलायंस अस्पताल में भर्ती गोयल को एक लाख रुपए का मुचलका भरने को कहा गया है। गोयल कोर्ट की अनुमति के बिना मुंबई से बाहर नहीं जा सकेंगे।
गोयल ने चिकित्सा और मानवीय कारणों का हवाला देते हुए जमानत मांगी थी। वह और उनकी पत्नी अनीता गोयल दोनों कैंसर से पीड़ित हैं। हालांकि, ED ने जमानत देने का विरोध किया था और कहा था कि प्राइवेट अस्पताल में उनका रहना एक महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है।
3 मई को हुई सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा था। वहीं इससे पहले फरवरी में स्पेशल कोर्ट ने गोयल को जमानत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, उन्हें अपनी पसंद के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती होने और चिकित्सा उपचार लेने की अनुमति दी गई थी।
ED ने गोयल को केनरा बैंक के साथ 538 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में सितंबर 2023 में गिरफ्तार किया था। नवंबर 2023 में ED ने गोयल की पत्नी अनीता को भी अरेस्ट किया था। हालांकि, उनकी उम्र और स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर कोर्ट ने तुरंत जमानत दे दी थी।
स्पेशल कोर्ट में रोने लगे थे नरेश गोयल
6 जनवरी को गोयल मुंबई के स्पेशल कोर्ट में रोने लगे थे। तब उन्होंने कोर्ट से कहा कि मैं जिंदगी की आस खो चुका हूं। मेरा स्वास्थ्य बहुत बिगड़ गया है। बेहतर होगा कि जेल में मर जाऊं। मुझे अपनी पत्नी की कमी बहुत खलती है। वह कैंसर की लास्ट स्टेज में हैं।
गोयल की पत्नी के पास कुछ ही महीनों का समय: वकील
3 मई को हुई सुनवाई में जमानत की मांग करते हुए नरेश गोयल के वकील हरीश साल्वे ने कहा था- गोयल पर लगे आरोप गंभीर हैं, लेकिन उनकी पत्नी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और उनके पास कुछ महीनों का समय बचा है। ऐसे में ह्यूमन बेसिस पर गोयल को पत्नी के साथ उनके अंतिम समय में रहने दिया जाए।
तीन पॉइंट में पूरा मामला समझें:
जेट एयरवेज को 848.86 करोड़ रुपए की क्रेडिट लिमिट और लोन दिया गया था, जिसमें से 538.62 करोड़ रुपए बकाया हैं। ये अकाउंट 29 जुलाई 2021 में फ्रॉड घोषित किया गया था।
CBI ने 5 मई को गोयल के मुंबई स्थित ऑफिस सहित 7 ठिकानों की तलाशी ली थी। नरेश गोयल, पत्नी अनीता और जेट एयरवेज के निदेशक रहे गौरांग शेट्टी के घर पर भी छापे पड़े थे।
CBI की FIR के आधार पर ED ने 19 जुलाई को मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। तब ED ने भी गोयल और उनके साथियों के ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी ली थी।
बैंक का आरोप- पैसों की हेराफेरी की गई
केनरा बैंक ने आरोप लगाया था कि जेट एयरवेज की फोरेंसिक ऑडिट में पाया गया कि जेट ने अपने से जुड़ी कंपनियों यानी ‘रिलेटेड कंपनियों’ को 1,410.41 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। ऐसा कंपनी के अकाउंट से पैसा निकालने के लिए किया गया।
गोयल परिवार के पर्सनल खर्च- जैसे स्टाफ की सैलरी, फोन बिल और व्हीकल एक्सपेंस, सब जेट एयरवेज से ही होते थे। गोयल ने 1993 में जेट एयरवेज की स्थापना की थी। 2019 में एयरलाइन चेयरमैन पद छोड़ दिया था।
अप्रैल 2019 से बंद है जेट एयरवेज
जेट एयरवेज एक समय भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइंस में से एक थी और एयरलाइन को साउथ एशियाई देशों की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइन का दर्जा हासिल था। फिर कर्ज में दबे होने के कारण जेट एयरवेज 17 अप्रैल 2019 में ग्राउंडेड (संचालन बंद) हो गई थी।