सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कल की बड़ी खबर जेट एयरवेज फाउंडर नरेश गोयल से जुड़ी रही। बॉम्बे हाईकोर्ट ने जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 2 महीने की अंतरिम जमानत दे दी। वहीं रेमंड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया ने कहा कि उनके निजी जीवन का उनके बिजनेस से कोई लेना-देना नहीं है।

कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…

शेयर मार्केट में आज मंगलवार (7 मई) को तेजी देखने को मिल सकती है।

पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

  1. जेट एयरवेज फाउंडर नरेश गोयल को अंतरिम जमानत: मनी लॉन्ड्रिंग केस में सितंबर से जेल में, जनवरी में कहा था- जेल में ही मर जाऊंगा

बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 2 महीने की अंतरिम जमानत दे दी। वे 8 महीने बाद मुंबई की ऑर्थर रोड जेल से बाहर आएंगे। नरेश को 1 सितंबर 2023 को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने गोयल को एक लाख रुपए का मुचलका भरने को कहा है। वे कोर्ट की अनुमति के बिना मुंबई से बाहर नहीं जा सकेंगे।

गोयल ने चिकित्सा और मानवीय कारणों का हवाला देते हुए जमानत मांगी थी। उनका इलाज रिलायंस अस्पताल में चल रहा है। वे और उनकी पत्नी अनीता गोयल दोनों कैंसर से पीड़ित हैं। हालांकि, ED ने जमानत देने का विरोध किया था और कहा था कि प्राइवेट अस्पताल में उनका रहना एक महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है।

  1. सिंघानिया बोले- निजी जीवन का बिजनेस से कोई लेना-देना नहीं: मेरा निजी जीवन मेरा; ₹10,000 करोड़ का रेमंड ग्रुप तेजी से आगे बढ़ रहा

गारमेंट्स एंड अपैरल कंपनी रेमंड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया ने कहा कि उनके निजी जीवन का उनके बिजनेस से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हमारे बीच जो कुछ हुआ है, मुझे उस पर टिप्पणी नहीं करना है। मैं पूरी तरह से अपने बिजनेस पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं और नतीजों पर नजर रखूंगा।’

दरअसल, सिंघानिया ने 13 नवंबर 2023 में अपनी पत्नी नवाज मोदी सिंघानिया से अलग होने का ऐलान किया था। हाल ही में रेमंड ग्रुप की तीन कंपनियों ने नवाज मोदी को अपने बोर्ड से बाहर कर दिया है।

  1. BSNL देशभर में अगस्त से शुरू करेगी 4G सर्विस: स्वदेशी होगी टेक्नोलॉजी; पंजाब से शुरुआत, वहां 8 लाख कस्टमर जोड़े

पब्लिक सेक्टर की टेलिकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) इसी साल अगस्त से देशभर में 4G सर्विस शुरू करेगी। न्यूज एजेंसी PTI ने इसकी जानकारी सोमवार (6 मई) को एक अधिकारी के हवाले से दी है। एजेंसी के अनुसार, BSNL की ये सर्विस पूरी तरह से स्वदेशी टेक्नोलॉजी पर बेस्ड होगी।

इस स्वदेशी टेक्नोलॉजी को IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और टेलिकॉम रिसर्च ऑर्गनाइजेशन सी-डॉट (C-DoT) की पार्टनरशिप वाले कंसोर्टियम ने मिलकर डेवलप किया है। इसका इस्तेमाल करके BSNL ने पंजाब में 4G सर्विस शुरू कर दी है और करीब 8 लाख कस्टमर्स को अपने साथ जोड़ भी लिया है।