सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तारीख- 18 दिसंबर 1987। पाकिस्तान में बेनजीर भुट्टो और आसिफ अली जरदारी का निकाह हुआ। इस रिश्ते को बहुत ही असमान्य माना गया था। दरअसल, बेनजीर भुट्टो की पाक राजनीति में एंट्री के दौरान उनकी मां ने जरदारी को उनके पति के तौर पर चुना था।

जरदारी भुट्टो से तीन साल छोटे थे। जहां एक तरफ जरदारी की छवि पोलो खेलने और कठोर जीवन जीने वाले प्लेबॉय की थी, तो वहीं दूसरी तरफ बेनजीर ने ऑक्सफोर्ड और हार्वर्ड से पढ़ाई की थी। वह बेहद होशियार और समझदार छवि वाली नेता थीं।

पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद बुधवार को सरकार बनाने के लिए नवाज की PML-N और बिलावल की PPP पार्टी में पावर शेयरिंग फॉर्मुले पर सहमति बन गई। इसके तहत आसिफ अली जरदारी दूसरी बार देश के राष्ट्रपति होंगे। इस स्टोरी में आसिफ के मिस्टर 10% से राष्ट्रपति बनने तक के सफर की पूरी कहानी जानते हैं…

बेनजीर की पार्टी के लिए मजबूरी थे जरदारी

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बेनजीर के सत्ता में आने के बाद जरदारी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के लिए एक लायबिलिटी या मजबूरी बन गए थे। यानी ऐसा शख्स जिससे पार्टी को फायदा कम और नुकसान की आशंका ज्यादा थी।

1990 के दशक में बेनजीर के दूसरे कार्यकाल के दौरान उनके कॉमर्स मिनिस्टर अहमद मुख्तार ने कहा था- पाकिस्तान में जरदारी के खिलाफ गलत प्रचार हो रहा है। हमें इससे बदनामी मिल रही है। अगली बार जब आप प्रधानमंत्री बनें तो अपने पति को अर्जेंटीना में पोलो खेलने भेज दीजिएगा।

1970 के दशक में बनी प्लेबॉय की छवि

पाकिस्तानी राजनेता हकीम अली जरदारी के बेटे आसिफ अली जरदारी का जन्म 26 जुलाई, 1955 को सिंध प्रांत के नवाबशाह में हुआ था। वे कराची में पले-बढ़े। उन्होंने सेंट पैट्रिक स्कूल से पढ़ाई की। इसी स्कूल से पाकिस्तान के तानाशाह जनरल परवेज मुशर्रफ ने भी पढ़ाई की थी।

सिंध के एक ग्रामीण इलाके में जरदारी के साथ हाई स्कूल की पढ़ाई करने वाले अजहर खान के मुताबिक कि जरदारी 1970 के दशक की शुरुआत में एक प्लेबॉय थे। उनके पिता बम्बिनो सिनेमा के मालिक थे, जिसका जरदारी को काफी फायदा भी मिला।

जरदारी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1983 में की थी। उन्होंने नवाबशाह से डिस्ट्रिक्ट काउंसिल की सीट पर चुनाव लड़ा, जहां उन्हें शिकस्त मिली। इसके बाद जरदारी राजनीति छोड़ रियल एस्टेट में काम करने लगे।