सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जम्मू-कश्मीर में दो IAS और IFS अधिकारियों सहित 230 अफसरों का ट्रांसफर किया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात जारी आदेश के मुताबिक, ट्रांसफर किए गए अफसरों में 36 स्पेशल सेक्रेटरी, 60 एडिशनल सेक्रेटरी, 85 डिप्टी सेक्रेटरी और 45 अंडर सेक्रेटरी शामिल हैं।
IAS प्रदीप कुमार को आर्कियोलॉजी और म्यूजियम विभाग के डायरेक्टर के पद से हटाकर वन विभाग के सचिव पद पर तैनात किया गया है। IFS अधिकारी आलोक कुमार मौर्य को वन विभाग, इकोलॉजी और एन्वायर्नमेंट विभाग में नियुक्त किया गया है। वे पहले श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड में तैनात थे।
पिछले साल दिसंबर में अटल डुल्लू के मुख्य सचिव बनने के बाद से जम्मू-कश्मीर प्रशासन में यह तीसरा बड़ा फेरबदल है। इससे पहले 28 जनवरी को 30 IPS अधिकारियों समेत 75 अधिकारियों का तबादला किया गया था।
मनी लॉन्ड्रिंग केस में NCP विधायक रोहित पवार ED ऑफिस पहुंचे, 10 दिन में दूसरी बार हो रही पूछताछ
NCP विधायक और शरद पवार के पोते रोहित पवार महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के सिलसिले में गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए। पिछले 10 दिनों में यह दूसरी बार है जब ED रोहित पवार से पूछताछ कर रही है। कर्जत-जामखेड से विधायक रोहित से एजेंसी ने पहले 24 जनवरी को पूछताछ की थी।
रोहित पवार दोपहर 1.05 बजे दक्षिण मुंबई के बैलार्ड एस्टेट के ED ऑफिस पहुंचे। उनके परिवार के सदस्य ED ऑफिस तक उनके साथ थे। इस दौरान, शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार ED ऑफिस के पास बने NCP ऑफिस में मौजूद थीं।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले इस समय संसद सत्र के लिए नई दिल्ली में हैं। राज्य भर से आए सैकड़ों कार्यकर्ता ED ऑफिस के पास जुटे और रोहित पवार को एजेंसी के समन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इसके पहले ईडी कार्यालय के पास बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था और इसकी ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड्स लगाए गए थे।
पुरी के जगन्नाथ मंदिर के लिए बनेगी विशेष सुरक्षा बटालियन
ओडिशा सरकार ने पुरी में 12वीं सदी के श्री जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा के लिए एक विशेष सुरक्षा बटालियन बनाने के लिए अधिसूचना जारी की है। गृह विभाग ने 31 जनवरी को जारी इस अधिसूचना में बताया है कि बटालियन के लिए विभिन्न रैंकों में 1083 पोस्ट होंगी। यह बटालियन पुरी SP के अंतर्गत काम करेगी। इसके साथ ही पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा के लिए सिंहद्वार पुलिस स्टेशन के तहत पहले बनाए गए एपीआर (सशस्त्र पुलिस रिजर्व) के 139 पोस्ट खत्म कर दी गई हैं। अधिसूचना में कहा गया है कि विशेष सुरक्षा बटालियन के लिए ग्रुप D स्टाफ की आउटसोर्स से भर्ती की जा सकती है।