आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर-1 से बीजेपी प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि हम सब कुछ बर्दाश्त कर सकते हैं, लेकिन देशद्रोह बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम राजनीति करते हैं और जमकर करते हैं। लेकिन जहां से हमें वोट मिलता है, वहां ज्यादा काम करते हैं और जहां से वोट नहीं मिलता, वहां थोड़ी देरी से काम करते हैं।

दरअसल, विजयवर्गीय ने वार्ड क्रमांक-1 के सिरपुर में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह बात ठीक वैसी ही है जो बच्चा माता-पिता की आज्ञा मानता है, उस बच्चों को माता-पिता बहुत प्यार करते हैं। मैं दमदारी से काम करता हूं, किसी से डरता नहीं। क्योंकि मैं जानता हूं जाना तो सबको एक दिन है ही, लेकिन जाने से पहले काम ऐसा करके जाओ कि लोग याद करें। हर दिन हजारों लोग मरते हैं, लेकिन याद कौन रखता है। जाने के बाद लोग याद रखें, ऐसा काम करना है और मैं भी ऐसा ही काम करता हूं कि दुनिया छोड़कर जाऊं तो लोग याद रखें।

मां कहती थी किसी का कर्ज नहीं रखना

अपनी मां को याद करते हुए कहा कि मेरी मां का मुझ पर बड़ा आशीर्वाद है। उनको गुजरे चार वर्ष हो गए, लेकिन उनकी याद हमेशा आती है, मां तो मां होती है। दुनिया में सब कुछ मिल सकता है, दुनिया की सारी संपत्ति एक तरफ रख दो और मां का आशीर्वाद दूसरी तरफ रख दो तो मां का आशीर्वाद बहुत भारी रहता है, दुनिया की सारी खुशियां उसकी बराबरी नहीं कर सकती। मेरी मां कहती थी कि नाना किसी का कर्ज नहीं रखना है, जब भी अपन ऊपर जाए, कर्जा उतार कर जाना चाहिए, नहीं तो वापस आकर देना पड़ेगा। आपके प्यार और स्नेह का जो कर्ज मुझ पर है, मैं 5 साल में विकास करके उतारूंगा, यह मैं आपसे वादा करता हूं।

ममता यूपी गई थी क्या परिणाम रहा

मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि विकास करना मेरी आदत है, जिस योजना से और जिस सरकार से रुपया आ सकता है, वह लाकर विकास करूंगा। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मध्य प्रदेश में सभाएं करने आने की बात पर उन्होंने कहा कि वह सभाएं लेने उत्तर प्रदेश भी गई थी, वहां की जनता ने भारी भीड़ में जाकर उन्हें सुना भी था। लेकिन उत्तर प्रदेश में क्या परिणाम रहा, वहीं परिणाम मध्य प्रदेश में भी रहेगा।