मुम्बई । पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की है। बुमराह ने मेजबान टीम इंग्लैंड के खिलाफ पहले ही एकदिवसीय मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 6 विकेट लिए। यह इंग्लैंड में किसी भी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। बुमराह से पहले कुलदीप यादव ने साल 2018 में 25 रन देकर 6 विकेट लिए थे। बुमराह ने अपने एकदिवसीय करियर में दूसरी बार पांच या उससे अधिक विकेट लिए हैं।

जाफऱ के अलावा भी कई खिलाड़ियों ने इस प्रदर्शन के लिए बुमराह की तारीफ की है। स्पिनर अमित मिश्रा ने लिखा, इंग्लैंड का भारत के खिलाफ सबसे कम स्कोर, आपको सलाम जसप्रीत बुमराह, आपने सिर्फ इंग्लैंड को ही नहीं, बल्कि इंग्लैंड के उन विशेषज्ञों को भी आउट किया है, जिन्हें भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर संदेह था।

वहीं बीसीसीआई ने भी ट्वीट कर इस तेज गेंदबाज को बधाई दी है। बुमराह की गेंदबाजी के सामने मेजबान टीम की बल्लेबाजी टिक नहीं पायी। 25.2 ओवर ही में मेजबान टीम 110 रन पर सिमट गई। बुमराह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड भी मिला।