आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इटली के वेनिस शहर में मंगलवार को एक बस ओवरपास से नीचे गिर गई। इसके बाद बस में आग लग गई। हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। 18 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें हॉस्पिटल में इलाज के लिए ले जाया गया है। इसमें 4 चार लोगों की हालत गंभीर है।
रॉयटर्स के मुताबिक, बस में कुल 40 लोग सवार थे। इनमें यूक्रेनियन समेत विदेशी टूरिस्ट थे। स्थानीय मीडिया ने बताया कि बस मेस्त्रे के रेलवे ट्रैक के करीब गिरी थी, जो ब्रिज के जरिए वेनिस से जुड़ा है। सुबह 7:45 बजे बस करीब 50 फीट की ऊंचाई से बिजली की तारों पर गिरी और उसमें आग लग गई।
वेनिस सिटी के कौंसिल्लोर रेनाटो बोरासो ने बताया कि हादसे का कारण अभी साफ नहीं है। हालांकि, शुरुआती जांच में पता चला है कि 40 साल के इटालियन बस ड्राइवर बस क्रैश के पहले बीमार थे।
बस में सवार थे यूक्रेन, जर्मनी, फ्रांस और क्रोएशिया के यात्री
आंतरिक मंत्रालय के स्थानीय प्रतिनिधि प्रीफेक्ट मिशेल डी बारी ने कहा- हादसे के पीड़ितों में से पांच लोग यूक्रेनियन और एक व्यक्ति जर्मन था। बस में कुछ यात्री फ्रांस और क्रोएशिया मूल के भी थे। हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से तबाह हो चुकी थी। फायर फाइटर्स को रेस्क्यू ऑपरेशन में बहुत परेशानी हुई।
वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर ट्वीट करते हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा- एक भयानक त्रासदी है, शहर शोक में है। प्रधानमंत्री जियॉर्जिया मेलोनी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा- सरकार की संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और दोस्तों के साथ हैं। मैं इस घटना की जानकारी लेने के लिए मेयर लुइगी ब्रुगनारो और परिवहन मंत्री माटेओ साल्विनी के संपर्क में बनी हुई हूं।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इटली में पिछले कुछ सालों में बस दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। 2013 में दक्षिण इटली में एक बस के पुल से गिर जाने से 40 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद 2017 में भी हंगरी के छात्रों को ले जा रही बस में सवार 16 लोगों की उत्तरी शहर वेरोना के पास एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।