आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास की जंग का आज आठवां दिन है। इससे पहले देर रात इजराइली सेना बॉर्डर पार कर टैंकों के साथ गाजा में घुस गई। इजराइली सेना ने कहा है कि वो अपने बंधकों को छुड़ाने के लिए गाजा में घुसी है। वहीं जंग का असर अब वेस्ट बैंक पर दिख रहा है। वहां, 49 लोगों के मरने की जानकारी है। यहां अब तब 950 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
वहीं रातभर हुई इजराइली बमबारी में गाजा छोड़कर जा रहे 70 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले इजराइल ने गाजा के उत्तरी शहरों से 11 लाख लोगों को दक्षिणी गाजा में जाने का अल्टीमेटम दिया था।
फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 7 अक्टूबर से अब तक इजराइल के हमलों से गाजा में 1900 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है। इनमें 614 बच्चे और 370 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 7600 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दूसरी तरफ इजराइल ने कहा है कि उसने लगभग 1,500 आतंकवादियों को मारा है।
UN चीफ एंटोनियो गुटेरेस ने इजराइल के गाजा सिटी खाली करने के आदेश को तुरंत वापस लेने की अपील की है। वहीं, इजराइली बमबारी के डर से उत्तरी गाजा के लोग पैदल भी अपने घर छोड़कर निकल गए हैं। अब तक 4 लाख लोग गाजा छोड़कर जा चुके हैं। इस पर फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा है कि ये दूसरे नकबे जैसा है। नकबा क्या होता है, इसे डिटेल में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मैप में देखें इजराइल ने गाजा सिटी के लोगों को कहां जाने को कहा
भारत ने अबतक 447 लोगों को निकाला
भारत सरकार के ऑपरेशन अजय के तहत इजराइल के तेल अवीव से आज सुबह भारतीयों का दूसरा जत्था दिल्ली पहुंचा है। शुक्रवार देर रात 235 लोगों को लेकर फ्लाइट रवाना हुई थी।भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इनके फ्लाइट में बैठने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं।
इजराइल में फंसे 447 लोगों का अब तक रेस्क्यू किया गया है। शुक्रवार सुबह एअर इंडिया की फ्लाइट से 212 लोग दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे।
इजराइल में भी घर छोड़ रहे लोग
हमास ने शुक्रवार देर रात इजराइल की राजधानी तेल अवीव पर कई रॉकेट दागे। इसके बाद रेहोवोत में भी रॉकेट हमले हुए। हमास के हमलों के चलते इजराइल में भी लोग घर छोड़ रहे हैं। तेल अवीव में मौजूद भास्कर रिपोर्टर वैभव पलनीटकर ने देर रात दूसरी बार सायरन बजने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वे भारतीय रेस्टोरेंट में डिनर कर रहे थे। इसी दौरान सायरन बजने लगा। इसके 15 सेकेंड बाद 5-6 धमाके हुए। सायरन बजने के बाद सभी लोगों को बम शेल्टर में शिफ्ट किया गया। इससे पहले दिन में सायरन की आवाज पर इजराइली मिलिट्री ने आम इजराइलियों के साथ वैभव को एक बम शेल्टर में शिफ्ट किया था।
इजराइल के हमले में एक पत्रकार की मौत, छह घायल
दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले में न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के एक वीडियोग्राफर की मौत हो गई है। उनका नाम इसाम अब्दुल्लाह बताया गया है। रॉयटर्स ने भी एक बयान जारी किया। इसमें बताया गया कि इसाम अपनी टीम के साथ साउथ लेबनान से लाइव वीडियो सिग्नल भेज रहे थे। इसी दौरान उनकी मौत हुई। इसी टीम के दो जर्नलिस्ट्स ताहेर अल सुदानी और मेहर नाजेह सहित छह और पत्रकार जख्मी हुए हैं।