आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तारीख- 7 अक्टूबर, समय- सुबह 6:30 बजे, जगह- इजराइल का बॉर्डर इलाका किबुत्ज रीम। यहां इजराइल के नोवा म्यूजिक फेस्ट के लिए जुटे हजारों लोगों को आसमान में गाजा पट्टी की तरफ से दागे रॉकेट्स दिखाई दिए।
वो कुछ समझ पाते इससे पहले ही वहां हमास के लड़ाके मोटरसाइकिल, गाड़ियां और ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए और ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सभी अपनी जान बचाने के लिए यहां- वहां दौड़ने लगे। रॉकेट के हमलों से बचने के लिए छिप गए। कुछ लोग जमीन पर लेट गए।
देखते ही देखते आसमान से हजारों रॉकेट इजराइल की ओर बढ़ने लगे, जिनसे कहीं भी अटैक हो सकता था। रॉकेट अटैक के बीच हमास के लड़ाके पैराग्लाइडिंग, बाइक, कार से इजराइली सीमा में घुसते जा रहे थे। इस बीच म्यूजिक फेस्टिवल के पास के ही एक मिलिट्री बेस पर भी हमला हुआ।
हमास ने म्यूजिक फेस्टिवल के वेन्यू को तीन तरफ से घेर लिया। सिर्फ एक दिशा ही थी जहां से भाग पाना संभव था। इस दिशा में हमास के लड़ाके इजरालियों को टारगेट बना रहे थे। लोग अपनी गाड़ियों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फायरिंग इतनी ज्यादा थी कि ऐसा संभव नहीं हो पा रहा था।
फेस्टिवल को देखते हुए पुलिस और सिक्योरिटी अफसरों की कई कारों ने रोड को ब्लॉक कर रखा था। ऐसे में लोग अपनी गाड़ियों को वहीं छोड़कर सड़क पर भागने लगे। चीखते-चिल्लाते हुए लोग खुले मैदान में दौड़ने रहते हैं। कई लोग थकान और डर के मारे पेड़ों में जाकर छिपते हैं। इस दौरान गोलीबारी से सड़क के पास 100 से ज्यादा कारें तबाह हो गईं।
हमास के करीब 50 लड़ाके ऐसे थे जो अपनी यूनिफॉर्म पहने वैन से वहां पहुंचे थे। उन्होंने इस नोवा म्यूजिक फेस्टिवल में शामिल हुए 260 लोगों को मार दिया। दौड़ रहे लोगों पर कई जगहों स्नाइपर राइफल से फायरिंग हुई। अटैक तीन दिशा से हुआ, जहां कैंपिंग, बार और फूड का एरिया था।
हमास के लड़ाके यहीं नहीं रुके। उन्होंने कस्बों और गांवों में घुसपैठ की और दर्जनों इजरालियों को बंधक बना लिया। लड़ाके लोगों को बाइक, कार और गोल्फ कार्ट पर बैठाकर अपने साथ वापस गाजा ले गए। दोपहर तक इजराइली सेना ने फेस्टिवल वाली जगह को फिर से अपने कंट्रोल में ले लिया। हालांकि, तब तक वहां जश्न से तबाही का मंजर बन चुका था।
तस्वीरों के देखें कैसे हमास के लड़ाकों ने इजरालियों पर हमला किया और फिर उन्हें किडनैप करके गाजा ले गए…