आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास की जंग का आज 14वां दिन है। इजराइल लगातार गाजा पर एयरस्ट्राइक कर रहा है। इस दौरान इजराइल ने गाजा में मौजूद सबसे पुरानी ग्रीक ऑर्थोडॉक्स सेंट पोर्फिरियस चर्च पर हमला किया है। इसमें अब तक करीब 8 लोग घायल हो गए हैं।

वहीं कई शव अब भी मलबे में फंसे हुए हैं, जिससे मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। गाजा का ये चर्च करीब 900 साल पुराना था। इसे 1150 के दशक में बनाए गया था। जंग के बीच में इस चर्च के अंदर कई मुस्लिमों और ईसाइयों ने पनाह ले रखी थी।

तस्वीर में देखिए गाजा का करीब 900 साल पुराना चर्च हमले से पहले कैसे दिखता था और अब इसकी क्या स्थिति है…

बाइडेन बोले- हमास-पुतिन अपने पड़ोसी लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं

अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि लाल सागर में तैनात अमेरिकी वॉरशिप USS कार्नी ने 3 मिसाइलों को रोका है। पेंटागन ने बताया कि यमन से हूती विद्रोहियों ने 3 मिसाइलों और कई ड्रोन लॉन्च किए थे। ये यमन से उत्तर दिशा की तरफ बढ़ रहे थे, जिससे आशंका जताई गई कि हूती विद्रोही इजराइल पर हमला करने की फिराक में थे।

दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने गुरुवार रात को व्हाइट हाउस से देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा- हमास और पुतिन में कॉमन बात ये है कि वो दोनों अपने पड़ोस में मौजूद लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं।

बाइडेन बोले- अमेरिकी नागरिकों को निकालना हमारी प्राथमिकता

बाइडेन ने कहा कि अगर अमेरिका पीछे हट गया और हमलावर सफल हो गए, तो दूसरे लोग भी आगे चलकर ऐसी कोशिश कर सकते हैं, जिससे दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष का खतरा बढ़ जाएगा। बाइडेन ने कहा- हमास दुनिया में बुराई फैलाना चाहता है। इस वक्त मेरे लिए सबसे जरूरी काम बंधक बनाए गए अमेरिकी नागरिकों को आजाद करवाना है।

उन्होंने कहा- अमेरिकी लीडरशिप ने ही इस दुनिया को बांधे रखा है। अमेरिका के सहयोगी ही अमेरिका को सुरक्षित रखते हैं। अमेरिका वैल्यूज ही हमें एक ऐसा पार्टनर बनाती हैं, जिसके साथ पूरी दुनिया काम करना चाहती है। मैं संसद में इजराइल और यूक्रेन की मदद के लिए अपील करूंगा।

रक्षा मंत्री बोले- सेना को जल्द देंगे गाजा में घुसने का आदेश

इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सैनिकों से कहा- हम जल्द ही आपको हमास के कब्जे वाले फिलिस्तीन में घुसने का आदेश देंगे। आप अभी गाजा को सिर्फ दूर से देख रहे हैं, पर जल्द ही आप इसे अंदर से देखेंगे।

दूसरी तरफ, PM नेतन्याहू ने गाजा बॉर्डर के पास तैनात गोलानी सैनिकों से मिलकर कहा- इजराइल जंग जीतने के रास्ते पर है। पूरा इजराइल सेना के साथ है और हम अपने दुश्मनों पर लगातार हमले करते रहेंगे जिससे हम जीत हासिल कर सकेंगे।

जंग के अहम अपडेट्स…

इजराइल ने रातभर में गाजा में 100 जगहों को निशाना बनाया। इस दौरान हमास के एक नेवी अफसर की भी मौत हो गई, जो 7 अक्टूबर को इजराइल में नरसंहार का दोषी था।

पिछले 24 घंटों में इजराइल की बमबारी में करीबी 307 फिलिस्तीनियों की जान गई। UN की रिपोर्ट के मुताबिक,गाजा में अब तक 1,524 बच्चे और 1,444 महिलाओं की मौत हो चुकी है।

इसके अलावा गाजा पट्टी पर करीब 12 हजा 845 आवास ऐसे हैं जो या तो तबाह हो चुके हैं या फिर अब यहां रहा नहीं जा सकता। ये गाजा में कुल आवासों का 30% हिस्सा हैं।

इजराइली सेना ने वेस्ट बैंक शहर रामल्ला में एक ऑपरेशन में 14 फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार किया है।

न्यूयॉर्क में हजारों लोगों ने गुरुवार शाम को गाजा पट्टी में हमास के 200 बंधकों की रिहाई की मांग को लेकर टाइम्स स्क्वायर पर रैली निकाली।