आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास जंग का 17वां दिन हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा है कि गाजा में चारों तरफ हो रही बमबारी के बीच लोग फिर से नॉर्थ गाजा लौटने लगे हैं। उन्हें इजराइल की उन चेतावनियों का डर नहीं है। दरअसल, इजराइल ने कहा था कि जो लोग नॉर्थ गाजा खाली नहीं करेंगे उन्हें भी आतंकी समझ लिया जाएगा।

पिछले 24 घंटों में गाजा में की जा रही इजराइली बमबारी में 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अलजजीरा के मुताबिक इजराइली सेना ने दक्षिणी गाजा में राफा और जबालिया कैंप समेत 25 जगहों पर भारी बमबारी की है। जबालिया से अब तक 30 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं।

वहीं, गाजा में रेड के लिए घुसे इजराइली सैनिकों की पहली बार हमास के लड़ाकों के साथ भिड़ंत हुई है। बंधक बनाए इजराइलियों को ढूंढ़ने के लिए घुसे सैनिकों पर हमास ने एंटी-टैंक मिसाइल्स फायर कीं।

इस दौरान एक इजराइली सैनिक की मौत हो गई। हमास ने दावा किया है कि गाजा पट्टी में घुसे इजराइली सैनिक अपने टैंक और दूसरे मिलिट्री वाहन छोड़कर वापस भाग गए।

लेबनान बॉर्डर पहुंचे नेतन्याहू

लेबनान की तरफ से लगातार हो रहे हमलों का जवाब दे रहे इजराइली सैनिकों से प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को मुलाकात की। उन्होंने सैनिकों से कहा- जंग में शामिल होना हिजबुल्लाह की सबसे बड़ी गलती होगी।

उन्होंने हिजबुल्लाह को चेतावनी भी देते हुए कहा- लगातार हमले करने से या जंग शुरू करने से इजराइल ऐसी जवाबी कार्रवाई करेगा जो लेबनान में तबाही ला सकती है। हमास के साथ जंग में शामिल होना हिजबुल्लाह की सबसे बड़ी गलती होगी।

इस बीच इजराइली सेना ने कहा- इजराइल पर अब तक 7400 रॉकेट्स से हमला हुआ है। हालांकि, हमास ने 7 अक्टूबर को दावा किया था कि उसने एक दिन में इजराइल पर 5 हजार रॉकेट दागे थे। वहीं, जंग में अब तक 6 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।

ऑपरेशन अजय के तहत छठी फ्लाइट भारत पहुंची

इजराइल से भारतीयों का रेस्क्यू करने के लिए भारत सरकार ऑपरेशन अजय चला रही है। इसके तहत रविवार रात 143 पैसेंजर्स को लेकर छठी फ्लाइट नई दिल्ली पहुंची। इनमें दो नेपाली नागरिक भी थे। केंद्रीय राज्य मंत्री स्टील और ग्रामीण विकास फग्गन सिंह कुलस्ते ने एयरपोर्ट पर इन पैसेंजर्स का स्वागत किया। अब तक 18 नेपाली नागरिकों समेत करीब 1200 पैसेंजर्स को इजराइल से भारत लाया जा चुका है।

हम अपडेट्स…

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इजराइल दौरे पर जाएंगे।

अमेरिकी सरकार ने इजराइल से अपील की है जब तक बंधकों को नहीं छुड़ा लिया जाता तब तक वो गाजा में अपने जमीनी ऑपरेशन को कुछ और समय के लिए टाल दें।

अमेरिका ने कहा है कि हमास उनके नागरिकों को गाजा नहीं छोड़ने दे रहा है।

गाजा में अब तक 19 जर्नलिस्ट्स की मौत

गाजा सिटी में रविवार को इजराइल की एयरस्ट्राइक में रोश्दी सैराज नाम के जर्नलिस्ट की मौत हो गई। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के मुताबिक- गाजा में 7 अक्टूबर के बाद से अब तक कुल 19 जर्नलिस्ट्स मारे गए हैं। ये सभी फिलिस्तीनी मूल के थे। ‘कमेटी टु प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स’ ने भी सैराज के मारे जाने की पुष्टि की है। कुछ दिन पहले न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के एक वीडियो जर्नलिस्ट की मौत हो गई थी।