आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हमास पर बच्चों की हत्या कर जलाने के आरोप लगे हैं। इजराइल का कहना है कि जंग में 40 नवजातों की मौत हुई। 30 बच्चों को बंदध बनाकर गाजा ले जाया गया है। चश्मदीदों के मुताबिक, हमास आतंकियों ने बच्चों के गले और हाथ काट दिए। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि इजराइली बच्चों को जलाया भी गया है।
इसे लेकर इजराइली सेना ने गिरफ्तार किए गए एक आतंकी से पूछताछ की। इस दौरान उसने इजराइली बच्चों की हत्या करने की वजह बताई।
इजराइली मीडिया हारेत्ज के मुताबिक, हमास आतंकी ने कहा-इजराइली बच्चे बड़े होकर सैनिक बन जाते इसलिए उन्हें पहले ही मार दिया गया। बच्चों को बंधक इसलिए बनाया है जिससे उनके मन में डर बना रहे। ऐसा करने का मेरे मन में कोई अफसोस नहीं है। क्रूरता के संदर्भ में हमास और ISIS के बीच कोई फर्क नहीं है।
इजराइली बच्चों को पालने से उठा ले गए थे आतंकी
30 बच्चे हमास की कैद में हैं। इजराइल की डिफेंस फोर्सेस ने 7 अक्टूबर को किए हमास के हमले का वीडियो शेयर किया। इसमें हमास के लड़ाके इजराइली बच्चों को पालने से उठाकर ले जाते दिखाई दिए। इजराइल ने दावा किया कि हमास ने इन बच्चों के माता-पिता को मारा। इसके बाद वो बच्चों को अपने साथ उठा ले गए।
शेयर किए गए वीडियो में हमास लड़ाके एक नवजात और दो 4 से 6 साल की उम्र के बच्चों को उठाते दिखे। बच्चों को अगवा करते वक्त लड़ाकों के पास AK-47 असॉल्ट राइफल थी।
बच्चे को पानी देकर बिस्मिल्लाह बुलवाया
हमास के बच्चों को अगवा करने का वीडियो शेयर कर, इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने लिखा- बच्चों को चोट लगी दिखाई दे रही है। वो रो रहे हैं। डर से कांप रहे हैं। हम हमास के आतंकियों को हराकर रहेंगे। वीडियो में हमास का एक लड़ाका बच्चे को पानी देता है, फिर उसे बिस्मिल्लाह बुलवाता है। ये एक अरबी शब्द है , जिसका अर्थ है “अल्लाह या ईश्वर के नाम से।”
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने हमास की तुलना ISIS से की थी
जंग के बीच तेल अवीव पहुंचे अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने हमास की तुलना ISIS से की थी। उन्होंने कहा था- मैं ISIS के बारे में काफी कुछ जानता हूं। हमास ने जो किया है, वो ISIS की हरकतों से भी बुरा है।
इजराइल-हमास जंग 34 दिनों से जारी
हमास ने 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमला किया था। करीब 2500 लड़ाके सीमा पर लगे तारों को तोड़ते हुए इजराइल में घुस गए थे। हमास ने उस दिन इजराइल पर 5 हजार रॉकेट दागने का दावा किया।
हमले के कुछ ही देर बाद इजराइली सेना ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। लिहाजा 34 दिन बाद भी यह जंग जारी है। अब तक 1400 से ज्यादा इजराइलियों की मौत हो चुकी है। 10 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनी भी मारे गए हैं।