आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गाजा में अब शवों को दफनाने की जगह भी नहीं बची है। फिलिस्तीनी सरकार के मुताबिक 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से जारी इजराइली हमले में अब तक 10 हजार से ज्यादा फिलिस्तिनियों की मौत हो चुकी है, इनमें 4,880 बच्चे शामिल हैं। हमास के हमले में 1,430 इजराइली नागरिकों की मौत हुई थी।
फिलहाल गाजा दो हिस्सों में बंट चुका है, फिलिस्तीन के PM मोहम्मद शतायेह ने सोमवार को गाजा को ‘ब्लड वैली’ नाम दे दिया। उन्होंने दावा किया कि गाजा में शवों को दफनाने की अब जगह नहीं बची है। दीर अल-बाला शहर में स्थित शुहादा अल-अक्सा अस्पताल के डॉ. यासर अली ने बताया कि शवों को आइसक्रीम के वैन में रखना पड़ रहा है। यहां से अब तक 10 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं।
हमास के हमले में 5,600 इजराइली नागरिक घायल हुए थे, जिनमें से कुछ ठीक होकर घर लौट गए हैं, बाकी का इलाज चल रहा है। इस जंग की कवरेज के दौरान अब तक 36 जर्नलिस्ट जान गंवा चुके हैं। ज्यादातर की मौत गाजा में हुई है।
17 अक्टूबर को नॉर्थ गाजा के अल-अहली अस्पताल पर रॉकेट के हमले में 500 लोगों की मौत हुई थी। किसी एक हवाई हमले में हुई ये अब तक की सबसे ज्यादा मौतें हैं।
इस युद्ध ने दुनिया को 2 खेमों में बांट दिया है। यूरोप के ज्यादातर देश इजराइल के सपोर्ट में हैं, जबकि अरब देश फिलिस्तीन की तरफ से आवाज उठा रहे हैं। हमास के हमले को PM नरेंद्र मोदी ने आतंकी हमला बताया था।
हालांकि, 26 अक्टूबर को इजराइल के खिलाफ यूनाइटेड नेशंस में वोटिंग हुई तो भारत दूर रहा। भारत ने गाजा के लोगों के लिए मदद भी भिजवाई है। उधर, पाकिस्तान और चीन फिलिस्तीन के सपोर्ट में हैं। गाजा में हालात हर रोज बिगड़ रहे हैं। सीजफायर का अभी कोई रास्ता नहीं दिख रहा।
दैनिक भास्कर ने इजराइल-हमास युद्ध की पहले दिन से कवरेज की। हम आपको ये रिपोर्ट फिर से दिखा रहे हैं, जो इस पूरे युद्ध की कहानी कहती हैं। हमास के हमले की खबर आने के बाद से ही हम हमले से प्रभावित लोगों तक पहुंचे।
इजराइल में रह रहे भारतीय, हमास के हमले का शिकार हुए इजराइली, जर्नलिस्ट से लेकर टेररिज्म एक्सपर्ट तक। इजराइल कवरेज के दौरान हमने हमास के टॉप लीडर ओसामा हमदान, इजराइली डिफेंस फोर्स यानी IDF के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल पीटर लर्नर के इंटरव्यू किए।
हम इजराइल में गाजा पट्टी से जुड़े इलाकों अश्कलोन, सेद्रोद, अशदोद जैसे इलाकों में गए। उस गांव में भी गए, जहां हमास के आतंकियों ने कुछ ही देर में 100 लोगों की हत्या कर दी थी। हम रिम म्यूजिक फेस्टिवल साइट पर भी पहुंचे, जहां 260 लोगों को मारा गया था।
इजराइल के साउथ में गाजा बॉर्डर से लेकर नॉर्थ में लेबनान बॉर्डर, ईस्ट में जॉर्डन बॉर्डर और यरुशलम भी पहुंचे। वेस्ट बैंक भी गए, जहां इजराइल-हमास युद्ध के बाद से हालात बेहद खराब हैं।