आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गाजा में इजराइल की डिफेंस फोर्सेस ने 142 महिलाओं और लड़कियों को हिरासत में लिया है। ब्रिटेन के मीडिया हाउस मिडिल ईस्ट आई ने दावा किया है कि इजराइली सैनिक महिलाओं और लड़कियों को घरों से निकालकर किसी अनजान जगह पर ले गए हैं।

उन पर क्या आरोप हैं, इस बात की भी कोई जानकारी नहीं दी गई है। हिरासत में ली गई कई औरतें छोटे-छोटे बच्चों की माएं भी हैं। फिलिस्तीनी अथॉरिटी के मुताबिक इन महिलाओं को टॉर्चर किया जा रहा है। कुछ लोगों को सेफ कॉरिडोर से गाजा छोड़ते वक्त हिरासत में लिया गया था। महिलाओं को इजराइली सैनिकों ने गाजा में बने चेकपॉइंट पर पूछताछ के लिए रोका फिर बिना कोई वजह बताए उन्हें पकड़ लिया गया।

19 साल की लड़की को ले गए थे, अब तक नहीं लौटी

इंशिरा अल शेख नाम की एक महिला ने मिडिल ईस्ट आई को बताया कि उसकी 19 साल की एक बहन को इजराइल सेना पकड़ ले गई । जिस वक्त उसे पकड़ा गया वो अपनी मां और इजराइली बमबारी में घायल भाई-बहनों के साथ थी। शुरुआत में उसे लगा कि उसके डॉक्यूमेंट्स में किसी तरह की परेशानी होने के कारण उसे पकड़ा गया है और उसे छोड़ दिया जाएगा। हालांकि, वो अब तक घर नहीं लौटी है।

वहीं, अमेरिका ने जानकारी दी है कि यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में एक टैंकर पर क्रूज मिसाइल से हमला कर दिया। कतरी मीडिया हाउस के मुताबिक टैंकर नॉर्वे का था। अटैक के तुरंत बाद इसमें आग लग गई। हालांकि, टैंकर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। आग बुझाने के बाद टैंकर किसी सुरक्षित बंदरगाह तक बढ़ चुका है।

इजराइली सेना ने दावा किया है कि वो नॉर्थ गाजा में हमास को मिटाने के बेहद करीब हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा- जबालिया और शेजाइया इलाकों में हमास की बटालियन का सफाया होने वाला है। हमने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया है। पिछले कुछ दिनों में सैकड़ों हमास लड़ाकों ने सरेंडर किया है।

इजराइली सेना ने बताया कि पिछले एक महीने में 500 हमास लड़ाकों को गिरफ्तार किया गया है। 1 दिसंबर को सीजफायर खत्म होने के बाद से अब तक 140 लड़ाके पकड़े गए हैं। सेना ने बताया कि हमास के ये लड़ाके स्कूलों, शेल्टर होम और दूसरी बिल्डिंग में छिपे हुए थे। सेना ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें 350 हमास लड़ाके और करीब 120 फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के आतंकी हैं।

ईरान बोला- ब्लैक मार्केट से हथियार खरीद रहा हमास

दूसरी तरफ, टाइम्स ऑफ इजराइल ने सोमवार रात इजराइली डिफेंस फोर्सेस (IDF) के हवाले से बताया कि गाजा में इजराइल के सात और सैनिकों की मौत हो गई है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात यह सैनिक दक्षिणी गाजा में एक ग्राउंड ऑपरेशन के दौरान मारे गए।

गाजा में मिलिट्री ऑपरेशन शुरू होने के बाद इजराइल के अब तक 104 सैनिक मारे जा चुके हैं। दूसरी तरफ, ईरान के फॉरेन मिनिस्टर आमिर अब्दुलोहियान ने कहा है कि हमास को हथियार ब्लैक मार्केट से मिल रहे हैं। ईरान पर आरोप गलत हैं।

मलबे के बीच से पति-पत्नी का रेस्क्यू, 22 साल के बेटे की मौत

सोमवार को फिलिस्तीनी मानवीय सहायता ग्रुप (PRCS) ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें वो एक पति-पत्नी को मलबे के बीच से बाहर निकालते नजर आए। CNN के मुताबिक, PRCS ने बताया कि रविवार को उम जाहेर इलाके में इजराइल की बमबारी के बीच एक दंपति का घर तबाह हो गया। उनके 22 साल के बेटे की मौत हो गई। रेस्क्यू के बाद पति-पत्नी को अल-अक्सा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

खान यूनिस में IDF के सामने चैलेंज

साउथ गाजा के खान यूनिस में IDF और हमास के बीच जबरदस्त जंग चल रही है। यहां इजराइल के सात सैनिक मारे गए हैं। इसकी पुष्टि इजराइली डिफेंस मिनिस्ट्री ने भी कर दी है। IDF के मुताबिक- गाजा में ग्राउंड ऑपरेशन शुरू होने के बाद अब तक कुल 104 सैनिक मारे गए हैं।

IDF के मुताबिक- खान यूनिस में बहुत तेजी से ऑपरेशन चल रहा है और बहुत जल्द वहां हालात पूरी तरह काबू में होंगे। इसी इलाके से इजराइल में सबसे ज्यादा रॉकेट दागे गए हैं। यहां कई सीक्रेट टनल्स हैं। इनका काफी हद तक अब पता चल चुका है।