आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तुर्किये के एक सांसद को मंगलवार रात संसद में हार्ट अटैक आ गया। 53 साल के हसन बिटमेज अपने भाषण के दौरान इजराइल को कोस रहे थे। घटना का वीडियो सामने आया है।

BBC के मुताबिक बिटमेज संसद में इजराइल-हमास जंग पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा था- इजराइल भगवान की नजरों, उनके गुस्से और प्रकोप से नहीं बच सकता। इतना कहते ही वो जमीन पर गिर गए। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

इधर, यूनाइटेड नेशन्स जनरल असेंबली (UNGA) में मंगलवार देर रात को गाजा में सीजफायर पर प्रस्ताव पारित हो गया। भारत ने इसके पक्ष में वोट किया।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक 193 सदस्यीय UN में UAE, सऊदी अरब समेत 153 देशों ने सीजफायर के पक्ष में वोट किया। अमेरिका, इजराइल समेत 10 देशों ने युद्धविराम के खिलाफ वोट किया। 23 देश वोटिंग में शामिल नहीं हुए।

बाइडेन की चेतावनी- जंग पर रुख बदले इजराइल नहीं तो सपोर्ट खो देगा

इधर, रिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को चेतावनी दी। बाइडेन ने कहा- गाजा में लगातार हमले करने की वजह से इजराइल ग्लोबल सपोर्ट खो रहा है। उन्हें जंग में रुख बदलना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया तो इसका असर आने वाले समय में ठीक नहीं होगा। इस बीच नेतन्याहू ने माना की उनके अमेरिका से कुछ मुद्दों पर मतभेद हैं।

दरअसल, अमेरिका इजराइल पर गाजा में आम लोगों को बचाने के लिए सख्त कदम उठाने के लिए दबाव डाल रहा है। हालांकि, इजराइल इसके खिलाफ है।

गलती नहीं दोहराएगा इजराइल

‘हेयोम पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने मंगलवार रात एक वीडियो स्टेटमेंट जारी किया। इसमें कहा- हम जंग कैसे खत्म कर दें। हमारे नागरिकों और सैनिकों ने बेशुमार कुर्बानियां दी हैं। उन लोगों को खत्म किया जाएगा जिन्होंने हैवानियत दिखाई है। 1990 के दशक में हमने ओस्लो अकॉर्ड के रूप में एक गलती की थी। एक समझौता किया था। अब हम इसे दोहराना नहीं चाहते। अमेरिका से कुछ मुद्दों पर सहमति नहीं है। इसके बावजूद हम मदद के लिए उनके शुक्रगुजार हैं।’

उन्होंने कहा- हमने ग्राउंड ऑपरेशन का फैसला काफी विचार के बाद किया था और अब यह तभी खत्म होगा जब हमास का खात्मा कर दिया जाएगा। बंधकों की रिहाई पर कुछ चीजें चल रही हैं। सही वक्त पर ये बताई जाएंगी।