आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास की जंग का आज 15वां दिन है। इस बीच दोनों पक्षों के बीच सीजफायर करवाने के लिए मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सीसी के नेतृत्व में एक सम्मेलन किया जा रहा है। समिट में जॉर्डन के किंग अब्दुल्लाह द्वितीय ने फिलिस्तीनयों की मौत पर पश्चिमी देशों की चुप्पी की निंदा की।

उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनियों को बेघर करना पूरी अरब दुनिया के लिए चिंता की बात है। इससे पहले अब्देल फतेह अल सीसी ने घोषणा कर बताया कि गाजा के लोगों की मदद के लिए राफा क्रॉसिंग खुल रहेगी।

हालांकि काहिरा में हो रहे समिट में हमास और इजराइल का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं है। इस समिट में कतर, UAE, इटली, स्पेन, ग्रीस, कनाडा और यूरोपियन काउंसिल सहित 10 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि मौजूद हैं।

वहीं, हमास के हमले के बाद पहली बार इजिप्ट से गाजा के बीच की राफा क्रॉसिंग खुल चुकी है। इससे फिलिस्तीनियों को जरूरी सामान पहुंचाने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। अब तक 20 ट्रक जरूरी सामान लेकर गाजा पहुंचे हैं।

दूसरी तरफ, इजराइल ने मिस्र, जॉर्डन और मोरक्को सहित मुस्लिम देशों में मौजूद अपने नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा है। साथ ही इजराइलियों को इन देशों में न जाने की भी सलाह दी गई है। इजराइल की नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी ने आशंका जताई है कि इन देशों में जंग की वजह से नाराज लोग इजराइलियों को अपना निशाना बना सकते हैं।

200 ट्रकों से 3 हजार टन सामान पहुंचेगा गाजा

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, राफा बॉर्डर को पार करके करीब 200 ट्रक 3 हजार टन के सामान के साथ गाजा की सीमा में दाखिल हो चुके हैं। इस दौरान उम्मीद जताई जा रही है कि विदेशी नागरिक गाजा छोड़कर इजिप्ट जाएंगे।

वहीं गाजा शहर के अल-कुद्स अस्पताल को खाली करने के आदेश दिए हैं। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक अस्पताल और आस-पास के इलाके में हजार से ज्यादा लोग मौजूद हैं। अस्पताल के प्रशासन ने इसे खाली करने से इनकार कर दिया है। यहां इजराइली हमलों में बेघर हुए करीब 12 हजार लोग रह रहे हैं।

हमास ने 2 अमेरिकी नागरिकों को छोड़ा

हमास ने कतर की मध्यस्थता के बाद शुक्रवार रात 2 अमेरिकी नागरिकों को रिहा कर दिया। ये दोनों मां-बेटी जूडिथ और नताली हैं। जंग शुरू होने के बाद यह पहला मौका है जब किसी बंधक को छोड़ा गया है। हालांकि, 200 लोग अब भी हमास के कब्जे में हैं।हमास ने दोनों महिलाओं को रेड क्रॉस को सौंपा, इसके बाद रेड क्रॉस ने इन्हें इजराइल के हवाले कर दिया। हालांकि, गाजा में बमबारी जारी है।

अमेरिकी प्रेसिडेंट जो बाइडेन ने अमेरिकी संसद से से 105 अरब डॉलर का इमरजेंसी फंड रिलीज करने को कहा है। इनमें से 10.6 अरब डॉलर की मदद इजराइल को दी जाएगी। इसके अलावा 61.4 अरब डॉलर यूक्रेन को हथियार और दूसरे जरूरी सामान खरीदने के लिए दिए जाएंगे।

उधर, इजराइल पर हमास और हिजबुल्लाह के बाद यमन के हूती विद्रोही भी हमले करने लगे हैं। इजराइली सेना ने अब तक गाजा में जमीनी कार्रवाई शुरू नहीं की है।

गाजा में जमीनी ऑपरेशन का प्लान जारी

इजराइली रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने तेल अवीव में रक्षा समिति की बैठक में गाजा पट्टी में इजराइल के वॉर प्लान के बारे में बताया। उन्होंने कहा-हम सबसे पहले हमास की मिलिट्री केपेबिलिटी और सरकार चलाने की क्षमता को खत्म कर देंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो हमास को जड़ से उखाड़ देंगे। इसके बाद गाजा में एक नई सुरक्षा व्यवस्था बनाएंगे।

रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा- जंग 3 चरण में होगी। हम पहले चरण में हैं। इसमें हम हवाई हमलों से हमास के ठिकानों को तबाह कर रहे हैं। जल्द जमीनी हमला करेंगे। पूरी तरह से उनका इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह कर देंगे। दूसरे चरण में सैनिक छोटे-छोटे ऑपरेशन जारी रखते हुए हमास के सीक्रेट एजेंट्स को भी खत्म कर देंगे। इसके बाद तीसरे चरण में गाजा में नई सुरक्षा व्यवस्था बनाएं। इसमें इजरायल का कोई रोल नहीं होगा।