सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज सोमवार, 13 मई को शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिली है। सेंसेक्स 111 अंक की तेजी के साथ 72,776 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 45 अंक की बढ़त रही। ये 22,104 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में तेजी और 13 में गिरावट देखने को मिली। टाटा मोटर्स के शेयर में आज 8% से ज्यादा की गिरावट रही। ये 87.25 (8.34%) रुपए गिरकर 959.40 पर बंद हुआ। वहीं सिपला का शेयर आज 6.08% चढ़ा है।

इंडिजीन का शेयर 46% ऊपर लिस्ट

इंडिजीन लिमिटेड के शेयर की शेयर बाजार में अच्छी एंट्री हुई है। BSE पर ये 45.95% प्रीमियम के साथ 659.70 रुपए पर लिस्ट हुआ। वहीं, NSE पर ये 44.91% प्रीमियम के साथ 655 रुपए पर लिस्ट हुआ। हालांकि बाद में इसका शेयर थोड़ा नीचे आया और ये 118.90 रुपए (26.31%) की बढ़त के साथ 507.90 रुपए पर बंद हुआ।

15 मई को खुलेगा गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस का IPO

बेंगलुरु स्थित इंश्योरटेक स्टार्ट-अप गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए 15 मई को ओपन होगा। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 17 मई तक बोली लगा सकेंगे। इस IPO के लिए रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट यानी 55 शेयर के लिए अप्लाय करना होगा। कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड ₹258-₹272 प्रति शेयर तय किया है।

शुक्रवार को बाजार में रही थी बढ़त

इससे पहले शुक्रवार यानी 10 मई को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 260 अंक की तेजी के साथ 72,664 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 97 अंक की तेजी देखने को मिली, ये 22,055 के स्तर पर बंद हुआ था।