केंट । भारत के फास्ट बॉलर नवदीप सैनी इंग्लिश काउंटी टीम केंट के लिए वर्तमान श्रंखला में आठ मैच खेलेंगे। सैनी इस काउंटी के लिये खेलने वाले राहुल द्रविड़ के बाद भारत के दूसरे टेस्ट क्रिकेटर होंगे। वह 96 नंबर की शर्ट पहनेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ इस महीने की शुरूआत में बर्मिंघम टेस्ट से पहले वह भारतीय टीम के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर थे। केंट काउंटी ने अपनी वेबसाइट पर लिखा, केंट क्रिकेट को तीन काउंटी चैम्पियनशिप मैचों और पांच रॉयल लंदन कप मैचों के लिये भारत के अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी के साथ करार की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। वो काउंटी चैम्पियनशिप के तीन मुकाबले खेलने के साथ रॉयल लंदन कप के भी पांच मैच खेलेंगे।

सैनी भारत के लिये तीनों प्रारूप खेल चुके हैं। उन्होंने अगस्त 2019 में पदार्पण किया था। सैनी की गिनती भारत के पांच सबसे तेज पांच गेंदबाजों में होती है। वो 95 मील प्रति घंटा की रफ्तार तक गेंदबाजी कर लेते हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 28.80 की औसत से कुल 148 विकेट लिए हैं। उनका इकोनॉमी रेट भी तीन के भीतर ही है। नवदीप सैनी आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेले थे।

इससे पहले, वो विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम की तरफ से भी लीग में उतर चुके हैं केंट काउंटी से हुए करार को लेकर सैनी ने कहा, ‘मेरे लिए काउंटी क्रिकेट खेलना बड़ा मौका है और मैं केंट के साथ खेलने को लेकर काफी उत्साहित हूं।’ केंट टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट पॉल डाउनटन ने कहा, इस साल जब विकेट लेना गेंदबाजों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है। हम भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को अपने साथ जोड़कर खुश हैं।

नवदीप सैनी के अलावा कई और भारतीय क्रिकेटर हैं, जो काउंटी टीमों की तरफ से या तो खेल रहे हैं या खेलते नजर आएंगे। भारतीय टेस्ट टीम के अहम बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ससेक्स की तरफ से खेल रहे हैं। वॉशिंगटन सुंदर लैंकशायर, उमेश यादव मिडिलसेक्स की ओर से उतरे हैं।