नई दिल्ली । भारत की महिला फुटबॉलर मनीषा कल्याण यूएफा चैम्पियंस लीग में अच्छे प्रदर्शन के लिए तैयार है। इस लीग में खेलने जा रही वह भारत की पहली महिला फुटबॉलर हैं। स्ट्राइकर मनीषा ने हाल ही में साइप्रस के क्लब अपोलोन लेडीज एफसी से करार किया है यह क्लब यूएफा महिला चैम्पियंस लीग के क्वालीफिकेशन मुकाबले में खेलेगा। मनीषा ने पिछले साल ब्राजील के खिलाफ उसी की धरती पर गोल कर सबका ध्यान खींचा था।

मनीषा ने कहा, ‘‘चैम्पियंस लीग जैसे टूर्नामेंट में खेलने का सपना हर खिलाड़ी देखता है और इसमें खेलने का असर मिलना हमेशा ही फायदेमंद रहता है। इसमें मिले अनुभवी का लाभ हमेशा मिलेगा , इसलिए मैं अपनी ओर से चैम्पियंस लीग में खेलने और अपनी टीम की सहायता करने के लिये पूरी तरह से तैयार हूं। ’’
मनीषा के अलावा भारत की ही विंगर डांगमेई ग्रेस भी उज्बेकिस्तान के नासफ एफसी से खेलने जा रही हैं। इससे उत्साहित मनीषा का कहना है कि आने वाले समय में कई अन्य भारतीय खिलाड़ी भी विदेशी क्लबों से खेलेंगी।

साथ ही कहा कि हमारी लड़कियों ने पिछले कुछ समय के अंदर काफी सुधार किया है। टीम में शामिल कई लड़कियां और इससे बेहतर कर सकती हैं। इस देश में फुटबॉल का स्तर भी बेहतर होता जाएगा।