मुंबई।  भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को चार्टर्ड विमान से दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना होगी। टीम इससे पहले अभी मुम्बई अंतररष्ट्रीय हवाई अड्डे के करीब बने एक पांच सितारा होटल में क्वारंटीन में है ताकि बायो सिक्योरिटी प्रोटोकॉल को पूरा किया जा सके। भारतीय टीम को अपने इस दौरे में तीन टेस्ट और तीन एकदिवसीय मैच खेलने हैं। अभी केवल टेस्ट टीम के सदस्य ही दक्षिण अफ्रीका जाएंगे।

भारतीय टीम के कुछ सदस्य अभी दक्षिण अफ्रीका में ही हैं। ये सभी भारत ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गये थे। इनमें नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, दीपक चाहर, अर्जन नागवसवाला, हनुमा विहारी और विवेक रामकृष्ण (ट्रेनर) शामिल हैं। भारत ए ने दक्षिण अफ्रीका में तीन मैचों की सीरीज खेली थी।

भारत ए का दक्षिण अफ्रीका दौरा बिना किसी परेशानी के पूरा हो गया था जिससे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) का हौंसला बढ़ा है। इससे पहले कोविड-19 के नये वैरियंट ओमीक्रोन के खतरे को देखते हुए इस दौरे को जोखिमभरा माना जा रहा था। ऐसे में भारतीय टीम के दौरे को लेकर भी आशंकाएं लग गयी थीं।

वहीं क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने भी भारतीय टीम को पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन देने हुए कहा कि उसके लिएपूर्ण रुप से सुरक्षित बायेबबल तैयार किया गया है। तीन मैचों की टेस्अ सीरीज का पहला टेस्ट 26 दिसम्बर से शुरु हो रहा है।