नई दिल्ली। विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम को इसी माह होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे में तीन टेस्ट मैच खेलने हैं। इस दौरे में भारतीय टीम सेंचुरियन में बॉक्सिंग डे पर पहला टेस्ट मैच खेलेगी। भारतीय टीम का लक्ष्य इस मैच में जीत से शुरुआत करना रहेगा।
अगर इस मैच में भारतीय टीम को जीत मिलती है तो यह दूसरी बार होगा जब भारतीय टीम बॉक्सिंग डे टेस्ट में जीत दर्ज करेगी हालांकि यह इतना आसान भी नहीं है क्योंकि भारतीय टीम ने आजतक दक्षिण अफ्रीका में कोई सीरीज नहीं जीती है।
विराट ने तीन साल पहले भी बॉक्सिंग डे टेस्ट में जीत हासिल की थी। उसे समय भारतीय टीम ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे में मेजबान कंगारू टीम को 137 रन से हराया था। उस समय भारतीय टीम की इस जीत में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड भी अपने नाम किया था।
टीम ने यहां पहली बार ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट सीरीज जीती थी। तब भारतीय टीम ने 2-1 से अपने नाम की थी।
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टीम की राह कभी भी आसान नहीं रही है। ऐसे में नये मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के लिए भी यह दौरा काफी अहम रहेगा।