मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर महाराष्ट्र के बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ से खासे प्रभावित हैं। वेंगसरकर के अनुसार रुतुराज ने जिस प्रकार विजय हजारे ट्रॉफी में हर गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करते हुए लगातार तीन शतक बनाये हैं। उससे उनकी क्षमता का अंदाजा होता है।

इस बल्लेबाज ने केवल 4 पारियों में 145.00 की औसत से 435 रन बनाये हैं। वेंगसरकर के अनुसार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक एकदिवसीय सीरीज के लिए इस युवा बल्लेबाज को टीम में अवश्य जगह मिलनी चाहिए। वेंगसरकर ने यह भी कहा कि चयनकर्ताओं को चाहिये कि उस खिलाड़ी को अवश्य राष्ट्रीय टीम से खेलने का अवसर दे जो लय में है।

वेंगसरकर ने साथ ही कहा, आपको एक खिलाड़ी को फार्म में होने पर अवसर देना चाहिये। अपने को साबित करने के लिए उसे अभी और कितने रन बनाने होंगे? समय आ गया है कि चयनकर्ता उसे तुरंत टीम में शामिल करें और अपने को साबित करने के पूरे अवसर दें। वेंगसरकर ने यह भी कहा कि रुतुराज एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो भारत के लिए नंबर 3 पर भी खेल सकते हैं।

साथ ही कहा कि यह बल्लेबाज  18 या 19 की उम्र का नहीं है बल्कि 24 साल का हो गया है , इसलिए उसे अवसर देने का यही समय है। अगर अब उसे जगह नहीं मिलती तो कब मिलेगी। उम्र बढ़ने के बाद जगह मिलने का कोई मतलब नहीं रहेगा। ऋतुराज ने आईपीएल के 14 वें सत्र में शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑरेंज कैप पुरस्कार भी जीता था।