सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :    टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 4 सितंबर 2025 को पूछताछ के लिए तलब किया है। धवन का नाम प्रतिबंधित बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़ने के बाद चर्चा में आया। इससे पहले इसी मामले में ईडी सुरेश रैना से पूछताछ कर चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी शिखर धवन से 1xBet ऐप से जुड़े विज्ञापन और प्रमोशन गतिविधियों पर सवाल पूछेगी। एजेंसी यह जानना चाहती है कि धवन किस हद तक इस ऐप की प्रचार गतिविधियों में शामिल थे और क्या उन्हें इसके अवैध होने की जानकारी थी।

बता दें कि ईडी पिछले कुछ समय से ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स पर नकेल कसने में जुटी है। जांच एजेंसी का ध्यान न सिर्फ 1xBet बल्कि Fairplay, Parimatch, Lotus365 जैसे अन्य ऐप्स पर भी है। इन प्लेटफॉर्म्स के प्रचार में कई बॉलीवुड कलाकारों और क्रिकेटरों का नाम सामने आ चुका है।

इससे पहले ईडी पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और युवराज सिंह से भी पूछताछ कर चुकी है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान धवन को सुरेश रैना की तरह ही तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से क्रिकेटरों और फिल्मी हस्तियों को भविष्य में विज्ञापनों को लेकर ज्यादा सतर्क रहना पड़ेगा। ईडी की जांच से यह साफ है कि अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रचार पर अब सख्ती बरती जाएगी।

#शिखरधवन #ईडी #बेटिंगऐप #सट्टेबाजी #क्रिकेट