सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   नई दिल्ली  :  28 अगस्त को चांदी ने नया रिकॉर्ड बनाया और ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, चांदी का भाव 818 रुपए बढ़कर 1,16,688 रुपए प्रति किलो हो गया। इससे पहले यह 1,15,870 रुपए था। वहीं, सोने की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 355 रुपए महंगा होकर 1,01,239 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

देश के प्रमुख शहरों में सोने के भाव में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,02,750 और 22 कैरेट 94,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट 1,02,600 तथा 22 कैरेट 94,050 रुपए है। चेन्नई में भी यही भाव रहे जबकि भोपाल में 24 कैरेट सोना 1,02,500 और 22 कैरेट 94,100 रुपए पर दर्ज किया गया।

इस साल की शुरुआत से अब तक सोना 25,077 रुपए महंगा हो चुका है। 1 जनवरी को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था जो अब 1,01,239 रुपए तक पहुंच गया है। इसी अवधि में चांदी भी 30,671 रुपए बढ़कर 86,017 से 1,16,688 रुपए पर पहुंच गई।

केडिया एडवाइजरी के निदेशक अजय केडिया का कहना है कि अमेरिका के टैरिफ और जियो पॉलिटिकल तनावों के कारण सोने को सपोर्ट मिल रहा है। अनुमान है कि इस साल सोना 1,04,000 रुपए और चांदी 1,30,000 रुपए तक पहुंच सकती है।

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि हमेशा भारतीय मानक ब्यूरो  हॉलमार्क और हॉलमार्क विशिष्ट पहचान संख्या कोड वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। यह सुनिश्चित करता है कि सोना असली और शुद्ध है।

#सोना #चांदी #GoldPrice #SilverPrice #IBJA #BISGold