सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली : सोना और चांदी की कीमतें आज 1 सितंबर को अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, सोना ₹2,404 बढ़कर ₹1,04,792 प्रति 10 ग्राम पर और चांदी ₹5,678 चढ़कर ₹1,23,250 प्रति किलो पर पहुंच गई। यह दोनों ही धातुओं का ऑलटाइम हाई है।
दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹1,06,030 और मुंबई, कोलकाता व चेन्नई में ₹1,05,880 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। भोपाल में 24 कैरेट सोना ₹1,05,910 और 22 कैरेट ₹97,100 रहा।
इस साल जनवरी से अब तक सोना ₹28,630 महंगा हुआ है, जबकि चांदी ₹37,233 बढ़ चुकी है। पिछले साल 2024 में सोना केवल ₹12,810 बढ़ा था। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस साल सोना ₹1.08 लाख और चांदी ₹1.30 लाख प्रति किलो तक जा सकती है।
सोने की कीमतों में तेजी के प्रमुख कारण हैं– वैश्विक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की खरीद, रूस-यूक्रेन युद्ध, महंगाई व ब्याज दरों में गिरावट और रुपये की कमजोरी। अमेरिका के टैरिफ और जियो-पॉलिटिकल तनाव ने सोने की मांग को और बढ़ा दिया है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि निवेशक हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदें। हर गहने पर 6 अंकों का एचयूआईडी कोड दर्ज होता है, जिससे उसकी शुद्धता की पहचान की जा सकती है।
#सोना #चांदी #गोल्डप्राइस #सिल्वरप्राइस #निवेश