सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल     :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में शुरू की गई अटल पेंशन योजना आम नागरिकों के लिए रिटायरमेंट में वित्तीय सुरक्षा का एक मजबूत साधन बन चुकी है। इस योजना के तहत 60 साल की आयु पूरी होने पर हर महीने ₹1000 से लेकर ₹5000 तक की पेंशन दी जाती है।

इस स्कीम में 18 से 40 साल की आयु का कोई भी व्यक्ति निवेश कर सकता है। निवेशक को कम से कम 20 साल तक योगदान करना अनिवार्य है। योजना की खासियत यह है कि योगदान राशि आपकी चुनी हुई पेंशन पर निर्भर करती है। उदाहरण के लिए, अगर 18 साल की उम्र में कोई व्यक्ति ₹210 प्रतिमाह निवेश करता है तो 60 साल की आयु के बाद उसे जीवनभर ₹5000 मासिक पेंशन मिलेगी। वहीं, 40 साल की उम्र में योजना से जुड़ने पर ₹1454 प्रतिमाह का योगदान करने पर यह लाभ मिलेगा।

इस योजना की दूसरी अहम विशेषता यह है कि सब्सक्राइबर की मृत्यु के बाद उसके जीवनसाथी को भी समान पेंशन मिलती रहेगी। दोनों के निधन पर संचित राशि नॉमिनी को दी जाएगी। योजना का लाभ केवल गैर-टैक्सपेयर्स को मिलता है। 1 अक्टूबर 2022 से आयकर चुकाने वाले लोग इसमें खाता नहीं खोल सकते। योगदान राशि ऑटो-डेबिट होती है और निवेशक इसे मासिक, तिमाही या अर्धवार्षिक किस्तों में जमा कर सकते हैं। अटल पेंशन योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रिटायरमेंट के बाद आय का भरोसेमंद साधन है।

#अटलपेंशनयोजना #रिटायरमेंटप्लान #वित्तीयसुरक्षा #पेंशनस्कीम