सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस हाईकमान ने आज दिल्ली में हिमाचल प्रदेश इलेक्शन कमेटी के तीन बड़े नेताओं की अचानक मीटिंग बुलाई है। इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को दिल्ली बुलाया गया है।

सूत्रों की माने तो इसमें राज्यसभा सांसद के नाम को लेकर चर्चा होगी, क्योंकि परसों यानी 8 फरवरी को राज्यसभा सांसद के चुनाव की इलेक्शन कमीशन अधिसूचना जारी करेगा। 15 फरवरी को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। इसलिए कांग्रेस जल्द नए राज्यसभा सांसद के नाम पर मुहर लगाएगी।

10 जनवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का शिमला दौरा भी प्रस्तावित है। इससे पहले आज की मीटिंग में राज्यसभा सांसद प्रत्याशी के नाम पर सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।

जेपी नड्डा का अप्रैल पूरा होगा कार्यकाल

हिमाचल से जगत प्रकाश नड्डा का अप्रैल 2024 में कार्यकाल पूरा हो रहा है। कांग्रेस सरकार नड्डा की जगह किसे राज्यसभा भेजती है। इस पर आज चर्चा होगी। सूत्र बताते हैं कि प्रियंका गांधी रेस में सबसे आगे हैं। प्रियंका का दावा इसलिए मजबूत माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने शिमला से करीब 14 किलोमीटर दूर छराबड़ा में अपना मकान भी बना रखा है।

सोनिया-प्रियंका मुकरीं तो ये विकल्प

प्रियंका गांधी यदि लोकसभा चुनाव लड़ेंगी तो सोनिया गांधी को भी हिमाचल से राज्यसभा भेजने पर विचार चल रहा है। यदि दोनों हिमाचल से राज्यसभा जाने को मुकर जाती हैं तो उस सूरत में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद कौल सिंह ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह और पूर्व मंत्री आशा कुमारी के नाम पर भी चर्चा हो सकती है।

G-23 गुट आनंद के आड़े आ सकता है

आनंद और विप्लव दोनों CM सुखविंदर सुक्खू के कट्टर समर्थक रहे हैं। मगर, आनंद शर्मा का G-23 गुट से जुड़ा होना उनकी तैनाती में रोड़ा बन सकता है। इस वजह से कांग्रेस हाईकमान आनंद का विरोध कर सकती है।

लोकसभा प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चा संभव

दिल्ली में आज की मीटिंग प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने बुलाई है। इस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है। दरअसल, दिल्ली में दिसंबर में मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस को निर्देश दिए थे कि लोकसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट तैयार की जाए। इसे लेकर भी आज चर्चा हो सकती है।

27 फरवरी को आएंगे नतीजे

देशभर की 56 सीटों पर 27 फरवरी को नए राज्यसभा सांसदों का चयन होगा। चुनाव आयोग द्वारा शेड्यूल के अनुसार, 8 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी और इनकी जांच 16 फरवरी को होगी। इच्छुक उम्मीदवार 20 फरवरी को अपना नाम वापस ले सकेंगे। 27 फरवरी को पहले मतदान और इसी दिन रिजल्ट आएंगे।