आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल और हमास की जंग का आज 33वां दिन है। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक सेना ने हमास के लिए हथियार बनाने वाले कमांडर मुहसिन अबू जिना को मार गिराया है।
वहीं, यनेट न्यूज के मुताबिक इजराइल पर हुए हमास के हमले का वीडियो 30 देशों में 70 बार दिखाया गया है। 47 मिनट का ये वीडियो 4 बार न्यूयॉर्क टाइम्स के स्टाफ को दिखाया गया। इसके अलावा व्हाइट हाउस, ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी MI5 के साथ अन्य वेस्टर्न खुफिया एजेंसी के स्टाफ को भी ये वीडियो दिखाया गया। इस वीडियो को आतंकियों के शरीर पर लगे बॉडी कैम के फुटेज को जोड़कर बनाया गया है.
इधर, फिलिस्तीनी प्रेसिडेंट महमूद अब्बास के काफिले पर आतंकी हमले की खबर है। काफिले पर गोलीबारी हुई है। इसमें उनका एक बॉडीगार्ड मारा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला वेस्ट बैंक में हुआ। वहीं, तुर्किये न्यूजपेपर के मुताबिक हमले की जिम्मेदारी ‘सन्स ऑफ अबू जंदल’ नाम के संगठन ने ली है। हमले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इसमें गोली लगने के बाद बॉडीगार्ड जमीन पर गिरता दिख रहा है।
इजराइली एम्बेसडर बोले- बंधकों की वापसी के लिए दिवाली पर जलाएं दीया
भारत में मौजूद इजराइली एम्बेसडर नाओर गिलोन ने बुधवार को कहा कि इस दिवाली भारतीय एक दीया उन इजराइलियों के लिए भी जलाएं जिन्हें हमास ने बंधक बना रखा है। गिलोन ने कहा- हर साल भारत में भगवान राम के लौटने वाले दिन दीये जलाए जाते हैं। इस साल दीया 240 इजराइली बंधकों के लिए भी जलाएं।
इजराइल में फिलिस्तीनी कामगारों की जगह लेंगे भारतीय
इजराइल फिलिस्तीनी कामगारों की जगह भारत के 1 लाख कर्मचारियों की नियुक्ति करने वाला है। वॉइस ऑफ अमेरिका की रिपोर्ट के मुताबिक, हमास के हमले के बाद इजराइल में काम करने वाले फिलिस्तीनियों को नौकरी से निकाल दिया गया। इसकी जगह इजराइल और भारत सरकार के बीच भारतीयों को नौकरी देने को लेकर चर्चा चल रही है।
इजराइली रक्षा मंत्री बोले- गाजा आतंक का गढ़
मंगलवार को इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा कि गाजा पट्टी इंसानों द्वारा बनाया गया आतंक का सबसे बड़ा अड्डा है। हम बंधकों को वापस लाने के लिए हर मिलिट्री और पॉलिटिकल एक्शन लेंगे।
दूसरी तरफ, इजराइली सेना ने दावा किया है कि वो गाजा शहर के केंद्र में पहुंच चुकी है। PM नेतन्याहू ने कहा- हम गाजा शहर में घुसते जा रहे हैं। हम हमास के उन ठिकानों पर भी पहुंच चुके हैं, जहां उसने उम्मीद भी नहीं की थी। हजारों हमास लड़ाकों को मारा जा चुका है। अगर हिजबुल्लाह इस जंग में घुसा तो ये उसकी सबसे बड़ी भूल होगी।
नेतन्याहू बोले- जंग के बाद इजराइल को गाजा से खतरा नहीं होगा
नेतन्याहू ने कहा- जब तक बंधक आजाद नहीं हो जाते, जंग में सीजफायर नहीं होगा। हम गाजा में फ्यूल भी नहीं पहुंचने देंगे। हम हमास और उसकी सत्ता को मिटा देंगे। इस जंग के बाद इजराइल को गाजा से कोई खतरा नहीं होगा।
वहीं मंगलवार रात लेबनान से इजराइल पर एक के बाद एक 20 रॉकेट से हमला किया गया। ज्यादातर रॉकेट को आयरन डोम ने इंटरसेप्ट कर लिया। हमले के बाद इजराइली सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हिजबुल्लाह के हथियार डिपो, रॉकेट लॉन्चिंग पैड, एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सेल सहित कई ठिकानों पर हमले किए।