आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास की जंग का आज 29वां दिन है। अल-अक्सा रेडियो के मुताबिक, इजराइल ने हमास चीफ इस्माइल हानिए के घर पर हमला किया है। इस घर में उसका परिवार रहता था लेकिन हमले के वक्त वे वहां थे या नहीं इस बात की जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।

वहीं, सेना ने कहा है कि गाजा अब 2 हिस्सों में बंट गया है। साउथ गाजा में हम मानवीय सहायता पहुंचा रहे हैं। वहां अगर कोई हमास लड़ाका पहुंच रहा है तो उसे मार गिराया जा रहा है। वहीं नॉर्थ गाजा में जंग तेज हो चुकी है। वहां फिलिस्तीनियों की जान को खतरा है।

शुक्रवार रात इजराइल ने अल-शिफा अस्पताल के पास एम्बुलेंस पर हमला किया। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इस हमले में 13 लोगों की मौत हुई है। इजराइली सेना ने कहा है कि हमास के लड़ाके इस एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके जरिए वो उत्तरी गाजा से निकलने की फिराक में हैं।

दूसरी तरफ, व्हाइट हाउस ने दावा किया है कि हमास गाजा से निकल रहे विदेशी नागरिकों की सूची में अपने लड़ाकों का भी नाम जोड़ रहा है। इसके जरिए वो उन्हें मिस्र भेजने की कोशिश कर रहा है। वहीं, अलजजीरा ने दावा किया है कि इजराइल ने बच्चों के अस्पताल अल नासर पर बमबारी की है। इसमें कई लोगों के मारे जाने की खबर है।

इजराइल से गाजा लौटे फिलिस्तीनी कर्मचारी

शुक्रवार को इजराइल में फंसे गाजा के हजारों कर्मचारियों को घर जाने की इजाजत मिल गई। दरअसल, इजराइल में करीब 17 हजार फिलिस्तीनियों को काम करने की अनुमति मिली हुई है। इनमें से 3300 फिलिस्तीनी जंग के बीच फंस गए थे। इन्हें बमबारी के बीच शुक्रवार रात साउथ गाजा पहुंचाया गया।

इजराइली हमलों के बीच गाजा के खान यूनिस में एक फिलिस्तीनी न्यूज चैनल के संवाददाता मोहम्मद अबु हताब की मौत हो गई। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इस हमले में पत्रकार के परिवार के 11 सदस्यों ने भी जान गंवाई।

हिजबुल्ला का लीडर बोला- इजराइल-पश्चिमी देशों को बड़ा झटका देने की जरूरत

इजराइल-हमास जंग शुरू होने के बाद लेबनान में हिजबुल्लाह लीडर हसन नसरल्लाह ने शुक्रवार को पहली बार लोगों को संबोधित किया। नसरल्लाह ने कहा- इजराइल और पश्चिमी देशों में मौजूद उसके समर्थकों को ‘बड़ा झटका’ देने की जरूरत है, ताकि वो हिल जाएं। यह झटका इतना बड़ा होना चाहिए कि कब्जा करने वाले यहूदियों के वॉशिंगटन और लंदन में मौजूद समर्थकों को झकझोरा जा सके।

नसरल्लाह ने आगे कहा- अमेरिका और इजराइल जैसी ताकतें कभी हमें दबा नहीं सकतीं। हमास के 7 अक्टूबर के हमले ने इजराइल को दहला दिया। वो इसे हमेशा याद रखेगा।शहीद होने वाले लड़ाकों, बच्चों, पुरुष और महिलाओं को बधाई। वो इस जहान को छोड़कर ऊपर वाले के पास पहुंच गए हैं, और वहां किसी अमेरिका की सल्तनत नहीं है।

नसरल्लाह ने कहा कि ​​गाजा में इजराइल के हाथों मरने वालों को जन्नत नसीब हुई है। वो उस जगह पर हैं, जहां कोई इजराइली ऑपरेशन नहीं चल रहा है।