सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वाराणसी के ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी मुकदमे की पक्षकार राखी सिंह ने सोमवार को जिला सत्र न्यायालय में नई याचिका दायर की है। राखी सिंह के अधिवक्ता बहादुर सिंह, अनुपम त्रिवेदी और सौरभ तिवारी ने जिला जज वाराणसी की कोर्ट में याचिका दायर की। इसमें ज्ञानवापी परिसर में बंद दो अन्य तहखानों को खोलने और उनके ASI सर्वे की मांग की गई है।

याचिका में बंद तहखानों का नक्शा भी लगाया गया है। अन्य गुप्त तहखाने जो तहखानों के अंदर हैं, उनका भी सर्वे करने की मांग की गई है। अपील में कहा गया है कि ज्ञानवापी का पूरा सच उजागर होना चाहिए, जिससे लोगों को सच्चाई का पता लग सके। कोर्ट ने याचिका को स्वीकार करते हुए सुनवाई के लिए आज (6 फरवरी) की तारीख सुनिश्चित की है।

एएसआई सर्वे में और तहखाने होने का हुआ था खुलासा

ज्ञानवापी परिसर में व्यासजी के अलावा भी कई और तहखाने हैं। इसका खुलासा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम ने अपनी रिपोर्ट में किया है। राखी सिंह ने कहा कि ज्ञानवापी में बंद तहखानों को प्रशासन की निगरानी में खोला जाए और उनका एएसआई सर्वे किया जाए।

परिसर में दो तहखाने बंद हैं, उनके अंदर भी तहखाना हो सकता है। इन तहखानों को पत्थर से बंद किया गया है, या कह सकते हैं कि पत्थर के दरवाजे बनाकर सील कर दिया गया है। इसका मलबा हटाकर सर्वे किया जाए तो उनकी सच्चाई भी बाहर आएगी।

75% सच्चाई अभी भी तहखानों में कैद

भगवान आदि विश्वेश्वर विराजमान केस के संरक्षक और विश्व वैदिक सनातन संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह विसेन ने बताया कि तहखानों में कई राज छिपे हैं। अभी तक जो भी सामने आया है वह आदि विश्वेश्वर मंदिर के रहस्य का केवल 25% ही है। बाकी तो अभी भी रहस्यात्मक बना हुआ है।

जितेंद्र सिंह विसेन ने कहा कि तहखानों के अंदर के रास्तों का पूरा मैप है। आज जहां तहखाने में पूजा हो रही है, वहां से आगे रास्ता जाता है। 2 तहखानों को पार करने के बाद एक रास्त है, जहां से मंदिर की पूरी सच्चाई सामने आने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि साल 2018 से इसकी तैयारी कर रहा था। अब फैक्ट्स काफी क्लियर हैं

विष्णु जैन ने बचे 8 तहखानों के सर्वे की याचिका दी है

हिंदू पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने हाईकोर्ट में ज्ञानवापी परिसर के नीचे 8 तहखानों का भी साइंटिफिक सर्वे कराने की अपील की है। साथ ही वजूखाने और शिवलिंग का साइंटफिक सर्वे कराने वाले मुदकमे में इसकी भी मांग की गई है।

छह तहखाने खुलने की रिपोर्ट

ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (जीपीआर) तकनीक से हुए सर्वे में परिसर में छह तहखाने खुले पाए गए। यहां एएसआई की टीम भी पहुंची थी। यहां टीम ने चार और तहखानों की पुष्टि की थी। सर्वे रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि दक्षिण में जो तहखाने हैं, उनमें हिन्दू धर्म से जुड़े प्रतीक चिन्ह भी मिले हैं।

ऐसे ही उत्तर में भी तहखाना मौजूद है, जो दिखाई नहीं दे रहा है। यदि उत्तर का हिस्सा खोला जाएगा तो उन तहखानों की जानकारी सामने आ सकेगी।