सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ग्रीस के प्रधानमंत्री किरिकोस मित्सोटाकिस बुधवार सुबह राष्ट्रपति भवन पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद दोनों लीडर्स के बीच बातचीत हुई। इस दौरान ग्रीस के PM ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी में मुझे एक दूरदर्शी नेता और एक सच्चा मित्र दिखता है। भारत आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

मित्सोटाकिस मंगलवार देर रात दो दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे। विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने उन्हें रिसीव किया था। 16 साल बाद ग्रीस का कोई प्रधानमंत्री भारत आया है। इसके पहले प्रधानमंत्री कोस्टास करमनलिस जनवरी 2008 में भारत आए थे।

मित्सोटाकिस 9वें रायसीना डायलॉग 2024 के चीफ स्पीकर होंगे। प्रधानमंत्री मोदी इसका उद्धाटन करेंगे। ग्रीस PM के साथ हाईलेवल डेलिगेशन भी भारत आया है। इसमें बिजनेसमैन भी शामिल हैं।

रायसीना डायलॉग वैश्विक मुद्दों पर चर्चा का मंच है। इसमें मुख्य तौर पर 100 से ज्यादा देशों के विदेश मंत्री बैठक करते हैं। इस साल ग्रीस के PM चीफ गेस्ट हैं।

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और ग्रीस की चिंताएं एक जैसी

मोदी ने कहा- रक्षा के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास को दर्शाता है। इस क्षेत्र में काम करने के लिए वर्किंग ग्रुप का गठन किया गया है।

इससे हम रक्षा, साइबर सुरक्षा, आतंकवाद और समुद्री सुरक्षा जैसी आम चुनौतियों में सहयोग बढ़ा सकते हैं। हम दोनों देशों के रक्षा क्षेत्रों को जोड़ने पर सहमत हुए हैं।

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और ग्रीस की चिंताएं एक जैसी हैं। इस क्षेत्र में अपने सहयोग को और मजबूत करने के लिए हमने चर्चा की है।

02:21 PM

21 फ़रवरी 2024

इंडो-पेसिफिक में ग्रीस की सक्रिय भागीदारी

मोदी ने कहा- हम इंडो-पेसिफिक में ग्रीस की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक भूमिका का स्वागत करते हैं। यह खुशी की बात है कि ग्रीस ने इंडो-पेसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव में शामिल होने का फैसला किया है। हम इस बात पर सहमत हैं कि सभी विवादों और तनावों को बातचीत और कूटनीति के माध्यम से हल किया जाना चाहिए।

भारत इंडो पेसिफिक में स्थिरता और सुरक्षा के मुख्य स्तंभों में से एक है। अगले साल भारत और ग्रीस के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे हो जाएंगे।

02:21 PM

21 फ़रवरी 2024

मोदी बोले- ग्रीस PM का भारत आना ऐतिहासिक मौका

मोदी ने कहा- दो पुरानी और महान सभ्यताओं के तौर पर भारत और ग्रीस के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों का एक लंबा इतिहास है। 2500 सालों तक दोनों देशों के लोग व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों के साथ ही आइडियाज भी एक्सचेंज करते आए हैं। हमने इन संबंधों को आधुनिक बनाने के लिए कई नई पहलों पर सहमति बनाई है।

मुझे भारत में प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस और उनके डेलीगेशन का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। ग्रीक प्रधानमंत्री 16 सालों बाद भारत दौरे पर आए हैं। यह एक ऐतिहासिक मौका है। यह खुशी की बात है कि हम 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।