रायपुर । भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जयसवाल, महामंत्री द्वय युधिष्ठिर चंद्राकर, द्वारिकेश पांडेय व प्रदेश मीडिया प्रभारी अजय साहू ने बयान जारी कर कहा है कि रायपुर संभाग के अधिकांश खेतों में पानी की कमी के कारण खेत सूखने लगा है व खेतों में दरार पड़ना शुरू हो गया जिससे परेशान किसानों के माथे में भी चिंता की लकीर साफ दिखाई देने लगी है। भाजपा किसान मोर्चा ने शीघ्र ही गंगरेल बांध से पानी छोड़ कर किसानों की फसल बर्बाद होने से बचाने की मांग की है। किसान मोर्चा के नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि भूपेश सरकार किसान विरोधी नीति बंद करें। गांव-गांव में अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। साथ ही गांव में आए दिन लो वोल्टेज की समस्या के कारण किसानों के मोटर पंप जलने लगे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति हो रही है। ऐसा प्रतीत होने लगा है कि सरकार ने किसानों को परेशान करने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया है। सरकार ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र ही निराकरण नहीं किया तो भाजपा किसान मोर्चा उग्र आंदोलन को बाध्य होगा।