नई दिल्ली । पूर्व क्रिकेटर मदन लाल ने कहा है कि युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक काफी तेज गेंदबाजी करते हैं पर अब तक वह उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं। उमरान को आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह मिली पर वह अपने को साबित नहीं कर पाये हैं। उनकी गेंदों पर जमकर रन भी बने हैं।

इसलिए उन्हें छोटे प्रारुप की जगह टेस्ट क्रिकेट में अवसर दिये जाने चाहिये। उन्होंने कहा कि उमरान अभी अपने करियर के शुरुआती दौर में हैं और उनकी गेंदबाजी शैली इस समय एक आयामी है। उनकी गेंदबाजी में वह विविधता नहीं है जो टी20 प्रारुप के लिए चाहिये। उमरान ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में चार ओवरों में 56 रन दिए थे। ऐसे में मदद लाल ने कहा कि उसे टी20 क्रिकेट में शामिल नहीं करें बल्कि उसे टेस्ट मैच में अवसर दें। एक तेज गेंदबाज के तौर पर मैं कहता हूं कि वह बहुत अच्छे गेंदबाज हैं पर आपको उन्हें गेंदबाज बनाना होगा।

मदन लाल ने कहा, उसे टेस्ट क्रिकेट में अवसर देना चाहिए जहां वह 10-15 ओवर गेंदबाजी कर सके और विकेट हासिल करे। बीच के ओवरों में विकेट लेने की उमरान के पास क्षमता है। हालांकि उनकी इकोनमी बहुत अधिक है पर वह जितने विकेट ले रहे हैं, उसी अनुसार रन दे भी रहे हैं। आप देखेंगे कि टी-20 में उनकी गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही थी। जिससे बल्लेबाजों के लिए उन्हें खेलना आसान हो गया था।