मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के अनुसार विराट कोहली को जल्दी खेलने के प्रयास में आउट हो रहे हैं। गावस्कर ने कहा कि इंग्लैंड में उन्हें जितना हो सके देर से गेंद को खेलना चाहिये। कोहली पिछले दो साल से शतक नहीं लगा पाये है , ऐसे में उनके फार्म पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ हाल में समाप्त हुए पांचवें टेस्ट में 11 और 20 रन बनाये जिसमें भारत को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। गावस्कर ने कहा, ‘इंग्लैंड में खेलने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि गेंद को जितना देर से हो, उतना देर से खेलो। साथ ही कहा कि मैंने आंकलन किया है कि कोहली गेंद की स्विंग तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे और गेंद को जल्दी खेलने का प्रयास कर रहे थे।’

उन्होंने साथ ही कहा कि कोहली साल 2018 के इंग्लैंड दौरे में सफल रहे थे क्योंकि तब वह गेंद को काफी देर से खेल रहे थे। गावस्कर ने कहा, ‘इसबार वह 2018 की तरह खेलते नहीं दिख रहे जिसमें वह ऑफ स्टंप के पास काफी देर से खेलते हुए दिख रहे थे।’ उन्हें लगता है कि कोहली इस नई रणनीति को शायद इसलिए आजमा रहे हैं क्योंकि हाल के वर्षों में उनकी फॉर्म में गिरावट आई है और वह रन नहीं बना पाये हैं। ऐसे समय में खिलाड़ी हर गेंद को खेलने की कोशिश करता है जिससे वह खतरे में पड़ जाता है। इसके अलावा उनका भाग्य भी साथ नहीं दे रहा पर वह जो पहली गलती कर रहे हैं, वह उनकी अंतिम गलती साबित हो रही है।

गावस्कर ने कहा, ‘मुझे लगता कि निश्चित रूप से आप थोड़ी योजना बनाते हो, मन में थोड़ी कल्पना करते हो कि अगले दिन गेंदबाज क्या करेगा। इसलिए आप क्रीज के बाहर रह सकते हो, लेकिन आप बल्लेबाजी में एक पूर्वनिर्धारित योजना के साथ जा रहे हो, जिसका मतलब है कि गेंदबाज को उसी लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी करनी होगी, जिसकी आप उम्मीद कर रहे हो पर यह होता नहीं है।’ ऐसे में अगर गेंदबाज की लाइन व लेंथ अलग हो तो बल्लेबाज मुश्किल में पड़ जाता है। यही कोहली के साथ हो रहा है।