आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कनाडा में भारत के A कैटेगरी गैंगस्टर सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुक्खा दुन्नेके के कत्ल की पुष्टि विनिपेग पुलिस ने कर दी है। पुलिस का कहना है कि उनकी जांच टीम ने मृतक की पहचान सुखदूल सिंह गिल (39) के तौर पर हुई है और उसके परिवार को भी इसकी सूचना दे दी गई है। जिस समय उसका शव एक खाली घर में बरामद हुआ और वहां कोई और मौजूद नहीं था।
विनिपेग पुलिस ने बयान में कहा कि 20 सितंबर की स्थानीय समय सुबह करीब 10 बजे नॉर्थ इंकस्टर औद्योगिक क्षेत्र में एक घटना की सूचना मिली। हेजलटन ड्राइव के 200 ब्लॉक में एक आवास पर एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
दुन्नेके को किसी अज्ञात हमलावर ने गोलियां मारी थी। फिलहाल विनिपेग पुलिस के होमिसाइड यूनिट ने जांच शुरू कर दी, लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
कॉलेज प्रधानगी से गैंगस्टर तक का सफर
सुक्खा का परिवार मूलरूप से बठिंडा का रहने वाला है। पिता की नौकरी के चलते वह मोगा में सेटल हो गया। सुक्खा ने जब सरकारी कॉलेज में दाखिला लिया तो वह यूनियन का प्रधान बन गया। जिसके चलते उसकी पहली दुश्मनी उसी कॉलेज में शुरू हुई। विरोधी पार्टी के साथ उसका झगड़ा हुआ और उस पर यह पहला मामला दर्ज हो गया। इसके बाद उस पर कई झगड़ों के मामले दर्ज होने लगे।
वह बंबीहा गैंग का करीबी था। 2017 में उस पर एक मामला आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया। इस समय तक उस पर 7 मामले दर्ज हो चुके थे। जिसके बाद उसने फेक पासपोर्ट बनवाया और विदेश भागने में कामयाब रहा। उसके पुलिस की मदद से फेक पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट बनवाया, जिस पर साल 2022 में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
पिता को आतंकियों ने मारी थी गोलियां
सुक्खा के पिता नायब सिंह मोगा बिजली बोर्ड में ड्राइवर की नौकरी करते थे। साल 1988 में बागापुराना में आतंकियों ने उसके पिता की गोलियां मार हत्या कर दी थी। पिता की मौत के बाद ही तरस के आधार पर उसे डीसी ऑफिस में दर्जा 4 कर्मचारी की नौकरी मिली।
सुक्खा पर जब 7 मामले दर्ज हो गए तो उसकी मां ने उसे विदेश भेजने का मन बनाया था, लेकिन जब वह कनाडा पहुंच गया तो वहां आतंकी अर्श डल्ला के संपर्क में आ गया। इसके बाद कत्ल, फिरौती और हथियारों की तस्करी के आरोप उस पर लगे और अब तक उस पर 18 मामले दर्ज हो चुके हैं। कहा जाता है कि कनाडा जाकर वह एक्टिव हुआ और बंबीहा गैंग का पूरा कंट्रोल उसने अपने हाथ में ले लिया था।
सभी भाई-बहन कनाडा में सेटल
सुक्खा कनाडा जाने वाला परिवार का इकलौता सदस्य नहीं था। सुक्खा के परिवार में दो बहनें व एक भाई और है। यह सभी भी कनाडा सेटल हो चुके हैं। मोगा स्थित उनके घर में अब सिर्फ सुक्खे के ताया हाकम सिंह का परिवार ही रह रहा है।